इंटरनेट पर गति के मामले में भारत अभी भी दुनिया के कई देशों से पिछडा हुआ है. वैसे अब भारत के छोटे गाँवों तक भी ब्राडबैंड की सुविधा पहुँच चुकी है, परंतु वैश्विक दृष्टिकोण से देखें तो इस क्षैत्र में हमें अभी काफी ध्यान देने की आवश्यकता है. नेटवर्क सोल्यूशन प्रदाता कम्पनी एकामाई की शोध और सर्वेक्षण के अनुसार दक्षिण कोरिया दुनिया का सबसे "तेज" देश है. यहाँ के शहरों में ब्राडबैंड इंटरनेट कनेक्शन सचमुच में "सुपरफास्ट" गति के साथ उपलब्ध होता है. फिलहाल पूरे विश्व में अनुपात की दृष्टि से देखा जाए तो इंटरनेट पर 1.7 एमबीपीएस यानी 17 मेगा बिट प्रति सैंकड की गति प्राप्त होती है, जो कि काफी कम मानी जा सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि जापान और दक्षिण कोरिया के शहरों मे इंटरनेट जिस गति से प्राप्त होता है उसके आगे 1.7 एमबीपीएस की गति कुछ भी नहीं है.
उदाहरण के लिए दक्षिण कोरिया के मसान शहर में 12 एमबीपीएस की गति वाला इंटरनेट कनेक्शन सर्व सुलभ है. मसान को दुनिया का सबसे "तेज" ओनलाइन शहर आँका गया है, क्योंकि यहाँ सबसे अधिक गति वाला इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध है. दक्षिण कोरिया के बाकी के शहरों में भी लगभग इसी गति वाले इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध हैं और कोई आश्चर्य नहीं कि इंटरनेट गति के पैमाने पर दक्षिण कोरिया दुनिया में अग्रणी है. 12 एमबीपीएस की गति अनुपात के आधार पर आंकी गई है, क्योंकि दक्षिण कोरिया में 33 एमबीपीएस गति के इंटरनेट प्लान भी उपलब्ध है. और यह पढने से पहले दिल थाम सकते हैं - दक्षिण कोरिया में 100 एमबीपीएस गति वाले नेट प्लान भी उपलब्ध हैं परंतु इसके लिए प्रयोक्ताओं को अच्छी खासी रकम चुकानी होती है.
दूसरे स्थान पर होंगकोंग आता है जहाँ इंटरनेट पर 9 एमबीपीएस की गति प्राप्त होती है. 7.8 नेट स्पीड के साथ जापान तीसरे नम्बर पर और उसके बाद रोमानिया और लातिविया आते हैं. आश्चर्य की बात यह है कि दुनिया में इंटरनेट गति के हिसाब एशियाई देश यूरोपीय देशों और अमेरिका से काफी आगे हैं. दूसरे आश्चर्य की बात यह है कि इस सूचि में भारत का नाम कहीं नहीं है. एशिया में भी इंटरनेट गति की व्यापक उपलब्धता के हिसाब से जापान दक्षिण कोरिया से भी आगे है. शीर्ष 100 शहरों में से आधे तो मात्र जापान में है, बाकी दक्षिण कोरिया में है और कुछ अन्य देशों में है. शीर्ष 20 शहरों में से लगभग सभी शहर या तो जापान के हैं या दक्षिण कोरिया के.
इंटरनेट गति के हिसाब से शीर्ष 10 देश:
- दक्षिण कोरिया : 12 एमबीपीएस
- होंगकोंग : 9 एमबीपीएस
- जापान : 7.8 एमबीपीएस
- रोमानिया : 6.3 एमबीपीएस
- लातविया : 6.3 एमबीपीएस
- स्वीडन : 6.1 एमबीपीएस
- नीदरलैंड : 5.4 एमबीपीएस
- चैक गणराज्य : 5.4 एमबीपीएस
- डेनमार्क : 5.3 एमबीपीएस
- स्वित्ज़रलैंड : 5.2 एमबीपीएस

