हमारा ओनलाइन भविष्य क्या है? भविष्य मे गूगल जैसे सर्च इंजिन हमारी जिंदगी पर कितना असर डालेंगे? भविष्य की ओनलाइन दुनिया कैसी होगी? और आज जो हम सोश्यल नेटवर्किंग साइटों पर लिख रहे हैं उसका भविष्य में हम पर क्या असर होगा? इसका जवाब गूगल के सीईओ एरिक शिमिट के पास है. 55 वर्षीय शिमिट का मानना है कि आज की युवा पीढी जिस तरह से अपने जीवन के हर राज को, हर बात को और हर जानकारी को ओनलाइन कर रही है, उससे एक दिन ऐसा आएगा जब गूगल को इन लोगों के बारे में सब कुछ पता होगा. तब गूगल आप पर आधारित नहीं होगा बल्कि आप गूगल पर आधारित हो जाएंगे. तब आप गूगल पर खोज नहीं कर रहे होंगे बल्कि गूगल स्वयं आपको बता रहा होगा कि आपके लिए क्या सही है और क्या गलत है!
आज गूगल के पास लाखों-करोड़ों व्यक्तियों की निजी और गोपनीय बातें भी पहुँच रही है. और गूगल मात्र एक उदाहरण है, ऐसा हर उस साइट के साथ सम्भव है जिसके साथ आप लगातार जुड़े रहते हैं. एरिक शिमिट के अनुसार इससे यह होगा कि एक दिन युवाओं को अपना नाम और पहचान बदल ओनलाइन होना होगा.
वाल स्ट्रीट जनरल को दिए साक्षात्कार में शिमिट ने कहा कि - मैं नही मानता कि समाज को इस बात का अहसास है कि तब क्या होगा जब सब कुछ 'उपलब्ध' होगा, सब कुछ ज्ञात होगा और सारी जानकारी रिकोर्ड हो जाएगी. तब यह होगा कि युवा सर्फर को अपनी ओनलाइन पहचान बदलने की अनुमति देनी पड़ जाएगी ताकी वह शर्मिंदगी ला सके ऐसी जानकारियों और तस्वीरों से खुद को अलग कर सके. स्मार्ट फोनों के आगमन के साथ अब यह भी पता चल जाता है कि कौन कहाँ है और क्या कर रहा है. इसलिए धीरे धीरे अब हमारी सारी जानकारियाँ सबको ज्ञात हो रही है.
शिमिट के अनुसार तब गूगल आपके बारे में सारी जानकारी रखता होगा. वह आपके जीवन की योजनाएँ बनाने लगेगा. आपके लिए क्या सही है और क्या गलत है यह आप नहीं सोचेंगे, बल्कि गूगल आपके लिए यह काम करेगा देगा. वह आपकी जरूरतों, ईच्छाओं और रूचियों के बारे में सारी जानकारी रखेगा और आपको आपके आसपास के लोगों के बारे में सूचित करता रहेगा. यही नहीं गूगल आपको बताएगा कि आपके लिए कौन सी बिमा पॉलिसी सही है या फिर आपको अपने बच्चों को कौन सी स्कूल में डालना चाहिए.
शिमिट ने कहा कि - हम यह पता लगा रहे हैं कि भविष्य में हम क्या करेंगे? मुझे लगता है कि भविष्य में गूगल आपके लिए स्वयं ही खोज कर देगा. आज भी लोग गूगल पर खोज करना नहीं चाहते, बल्कि वे चाहते हैं कि यह काम गूगल उनके लिए स्वत: ही कर दे.

