Monday, Feb 13th

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

गूगल की तीन नई बेहतरीन सुविधाएँ

Print PDF
googleगूगल ने हाल ही में अपने विभिन्न ओनलाइन सेवाओं में तीन नई सुविधाएँ जोड़ी हैं (या जोड़ने जा रहा है) जो काफी उपयोगी है. ये तीन सेवाएँ जीमेल, यूट्यूब और गूगल सर्च इंजिन पर जोड़ी जा रही है.

इनमें से एक सेवा लाइव सर्च नतीजे प्रस्तुत करती है, दूसरी सेवा "प्रायोरिटी इनबॉक्स" है जो आपके महत्वपूर्ण ईमेलों को स्वत: छाँट कर उन्हें प्राथमिकता देती है और तीसरी सेवा यूट्यूब पर हॉलीवुड की नई फिल्मों का आनंद उठाने का मौका देती है.

प्रायोरिटी इनबॉक्स:
अगले एक सप्ताह के भीतर जीमेल (और गूगल एप्स के प्रयोक्ता) अपने जीमेल विंडो पर एक नया इनबॉक्स देखेंगे जिसका नाम होगा प्रायोरिटी इनबॉक्स यानी कि ऐसा इनबॉक्स जिसे आप प्राथमिकता देना चाहेंगे. इस इनबॉक्स में उन ईमेलों को प्राथमिकता दी जाएगी जो आपके लिए महत्वपूर्ण हैं, बाकी के ईमेल नीचे चले जाएंगे. यानी कि अब ईमेल तिथि के हिसाब से नहीं बल्कि प्राथमिकता के हिसाब से छांटे जाएंगे. और यह कार्य जीमेल स्वत: करेगा और आपको ढेर सारे फिल्टर बनाने की आवश्यकता नहीं रहेगी. यह सुविधा आपको बहुधा ईमेल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे, तथा लम्बी चल रही थ्रेड आदि को प्राथमिकता देगी. मेल लिस्ट तीन भागों में बँट जाएगा - प्रायोरिटी, स्टार्ड और अन्य.

पे-पर-मूवी:
यूट्यूब पर पे-पर-मूवी सुविधा शुरू की जा रही है. अब यूट्यूब के प्रयोक्ता हॉलीवुड की नई फिल्मों का मजा ले पाएंगे. इसके लिए उन्हें प्रति फिल्म करीब $5 चुकाना होगा, यानी कि करीब 470 रूपए. अमेरीका के लिहाज से यह राशि कम है क्योंकि वहाँ के केबल और डीटीएच के दर्शक लगभग इतनी ही रकम चुकाकर घर बैठे फिल्में देखते हैं. इस सुविधा के साथ गूगल कुछ अन्य ओनलाइन मूवी चैनलों से प्रतिस्पर्धा करेगा.

लाइव सर्च:
जब कोई बडी घटना घटित हो रही हो तो समाचार चैनल देखने या समाचार साइटों को देखने से अच्छा है ट्विटर पर सर्च करना. गूगल से पहले माइक्रोसोफ्ट ने इस बात को महत्व दिया और बिंग पर लाइव सर्च शुरू हुआ जिसे बिंग सोश्यल कहा जाता है. इसके बाद गूगल ने ट्विटर से समझौता कर गूगल सर्च के मुख्य पन्ने पर किसी कीवर्ड से संबंधित ट्विटर अपडेट देने शुरू किए और अब विशेष लाइव सर्च पन्ना भी बना दिया गया है.

ये तीनों सुविधाएँ काफी उपयोगी है, विशेष रूप से प्रायोरिटी इनबॉक्स.
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS