माइक्रोसोफ्ट ने अपने नए ओपरेटिंग सिस्टम विंडोज़ 7 के लेआउट में काफी बदलाव किया है. स्टेसबार भी पहले से काफी अलग है और अब स्टार्ट मेनु पुरी तरह से बदल गया है और लोगों को इस नए सिस्टम के साथ कदमताल मिलाने में परेशानी हो रही है. हालाँकि कई तकनीक विशेषज्ञ माइक्रोसोफ्ट की आलोचना करते हुए कहते हैं कि कम्पनी ने अपने यूई यानि यूजर इंटरफेस में कोई खास बदलाव नहीं किया. अभी भी वही स्टार्ट मेनु है, वही टास्कबार है और वही डेस्कटाप आइकन है. परंतु वास्तविकता यह है कि माइक्रोसोफ्ट सहित कोई भी आईटी तथा अन्य क्षैत्र की कम्पनी अपने उत्पाद में एक ही झटके में आमुलचूल परिवर्तन नहीं कर सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि उस कम्पनी के उपभोक्ता उसके उत्पादों से आदी हो चुके होते हैं और वे अचानक पूरा बदलाव पसंद नहीं करते. इसलिए विंडोज़ 7 में भी कई चीजें ऐसी है जो पहले जैसे ही दिखती है पर उनकी कार्यशैली बदल गई है.
और इसी बदली हुई कार्यशैली से विंडोज़ के प्रयोक्ताओं को परेशानी हो रही है. बहरहाल कुछ मुफ्त अप्लिकेशनों तथा कुछ विशेष शोर्टकटों का उपयोग कर आप विंडोज़ 7 पर काम करने की जटिलता कम कर सकते हैं.
इस कड़ी में हम वह शोर्टकट बता रहे हैं जो आपके लिए तब उपयोगी साबित हो सकते हैं जब आप डेस्कटाप पर ढेर सारी अप्लिकेशनें और सोफ्टवेर खोल कर काम कर रहे हों.
मान लीजिए आपने कई विंडो खोल रखी हो और आपको अचानक डेस्कटाप पर रखे किसी आइकन को दबाना हो तो आप चाहेंगे कि सारी खुली हुई विंडो जल्दी से बंद हो जाए. इसके लिए आप टास्कबार में एकदम दायीं तरफ बने एक छोटे से बटन [घड़ी के पास] को दबा सकते हैं, या फिर अपने कीबोर्ड पर स्पेस बार के पास बने विंडोज बटन को दबाकर "D" दबा सकते हैं. इससे सारी खुली विंडो बंद हो जाएगी. फिर से विंडोज़ की + D दबाने से बंद हो चुकी विंडो खुल जाती है. इसी प्रकार विंडोज़ + Tab दबाने से सारी खुली हुई विंडो कैसकैडिंग स्टाइल में दिखने लगती है. आप Tab बटन को बार बार दबाकर अपनी पसंद की विंडो चुन पाते हैं.
इसके अलावा आप Ntwind की मुफ्त अप्लिकेशन CloseAll का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसे डाउनलोड कीजिए और अनज़िप कर लीजिए. इसके बाद इसकी .exe फाइल को पकड़कर टास्कबार पर रख दीजिए [शोर्टकट आइकन बनाने के लिए]. आपको टास्कबार पर लाल रंग का X बटन दिखेगा. इस बटन को दबाने से सारी खुली हुई अप्लिकेशनें बंद हो जाएगी.
इसके अलावा यदि आप कोई डोक्यूमेंट पढ रहे हों और अक्षर छोटे लग रहे हों तो विंडोज़ की दबाकर रखें और कीबोर्ड पर दिए गए "+" बटन को दबाते रहें. इससे अक्षर बड़े होते रहेंगे. दरअसल यह कमांड ज़ूम इन का काम करता है. विंडोज़ + "-" दबाने से इसका उल्टा होता है.
यदि आपको विंडोज 7 के नए स्टार्ट मेनु के माध्यम से कोई सोफ्टवेर खोलने में दिक्कत आ रही हो तो आप नए "खोज" बार का इस्तेमाल कर सकते हैं. पहले के मुकाबले यह काफी परिष्कृत हो चुका है. एक उदाहरण देखिए - यदि आपको एमएस ऑफिस वर्ड खोलना हो तो मात्र "word" टाइप कीजिए. आप देखेंगे कि ना केवल एमएस ऑफिस वर्ड खोलने का शोर्टकट बटन उपलब्ध हो जाता बल्कि हाल में उपयोग की गई वर्ड संबंधित फाइलें भी दिखने लगती है जो आपका समय बचाती है.
काम करते समय बार बार आ रहे सिस्टम अपडेट या अन्य नोटिफिकेशन पोपअप से परेशान हों तो इतना कीजिए - स्टार्ट मेनु में जाकर "Control panel" [हिन्दी आवरण में नियंत्रण कक्ष"] में जाएँ. इसमें से "Action Center" चुनें [हिन्दी आवरण में "कार्रवाही केन्द्र"]. अब "Change Action Center Settings" चुनें [हिन्दी आवरण में "कार्रवाही केन्द्र सेटिंग्स परिवर्तित करें"]. यहाँ आपको "Security Messages" आदि दिखेंगे. जो नोटिफिकेशन आपको नहीं चाहिए उन्हें बंद कर दें.

