क्या आप ट्विटर, फेसबुक, ओर्कुट जैसी सोश्यल नेटवर्किंग साइटों का उपयोग करते हैं? यदि हाँ तो बहुत सम्भव है कि आपने अपने ईमेल आईडी को भी कई बार स्टेटस अपडेट या निजी संदेश देते समय इस्तेमाल किया होगा. इंटरनेट पर अपने ईमेल आईडी को कहीं भी प्रकाशित कर देना हितावह नहीं है. क्योंकि इससे आपके ईमेल आई.डी. तक स्पैम रोबोट्स की पहुँच बन जाती है और उसके बाद आपके मेलबॉक्स में अनचाहे ईमेल की भरमार होने लगती है. इस समस्या से बचने के लिए अब कई सारे विकल्प मौजूद हैं. उनमें से एक विकल्प है अपने ईमेल आईडी कैप्चा तकनीक के माध्यम से सुरक्षित रखना.
इसके लिए आप Scr.im नामक साइट की मदद ले सकते हैं. यह साइट आपके ईमेल आईडी को एक छोटे वेब एड्रेस में बदल देती है. उस वेब पते को आप अपने ईमेल पते की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. जब भी कोई प्रयोक्ता उस पते पर क्लिक करता है तो उसे एक पन्ना दिखाई देता है जहाँ उसे केप्चा छवि दिखाई देती है. मूल ईमेल पता देखने के लिए उसे केप्चा छवि में प्रदर्शित आँकडों को सही सही लिखना होता है.
ऐसी ही एक अन्य सेवा है reCAPTCHA. यह सेवा भी प्रयोक्ताओं को ईमेल आईडी देखने के लिए केप्चा छवि को देखकर सही सही अक्षर और अंक लिखने को बाध्य करती है.
इससे स्पैम रोबोट के लिए आपका ईमेल आईडी प्राप्त करना असम्भव हो जाता है.

