इंटरनेट के माध्यम से किसी अन्य व्यक्ति तक बडी डिजिटल फाइलें भेजने के लिए उन्हें या तो ईमेल किया जाता या फिर किसी ओनलाइन स्टोरेज साइट पर अपलोड किया जाता है. अधिक लोकप्रिय और सरल विकल्प ईमेल करना है. ईमेल के लिए भी अधिकतर प्रयोक्ता अब जीमेल का उपयोग करते हैं. परंतु जीमेल के साथ दिक्कत यह है कि यह प्रति ईमेल 25 एमबी से अधिक वजन वाली फाइल को भेजने की अनुमति नहीं देता है. तो इसके विकल्प के रूप में आप नए हॉटमैल का उपयोग कर सकते हैं. नए हॉटमैल में प्रति ईमेल 10 जीबी तक की फाइलें भेजी जा सकती है और एक फाइल 50 एमबी तक की हो सकती है.
यदि आप ईमेल के माध्यम से फाइलें ना भेजना चाहें तो कई सारी ओनलाइन स्टोरेज साइटों का उपयोग कर सकते हैं. विशेष रूप से Wikisend को आज़मा कर देखें. यह उपयोग में काफी आसान है और विज्ञापन मुक्त भी. यहाँ 2 जीबी तक की फाइल अपलोड करने की सुविधा प्राप्त होती है. डिफाल्ट रूप में अपलोड की गई फाइल 7 दिन तक सर्वर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहती है. अपलोड हो जाने के बाद एक डाउनलोड लिंक मिलती है जिसे आप किसी के भी साथ साझा कर सकते हैं. आप चाहें तो फाइल को पासवर्ड से सुरक्षित भी बना सकते हैं. इस साइट पर आप यह भी तय कर सकते हैं कि कितने दिन के बाद वह फाइल स्वत: मिट जाए. इससे अतिरिक्त सुरक्षा प्राप्त होती है.
इसके अलावा Dropbox भी अच्छा विकल्प है. यहाँ आप किसी भी साइज़ की फाइल अपलोड कर सकते हैं बशर्ते कि वह आपको दिए गए 2 जीबी के कॉटे से कम हो. Dropbox पर सीधे डेस्कटाप या ब्राउज़र से फाइलें अपलोड की जा सकती है.
यदि आपकी फाइल की साइज़ काफी बड़ी हो तो आप उसे दो या अधिक हिस्सों में तोड़ सकते हैं. इसके लिए HJSplit यूटिलिटी का उपयोग कर सकते हैं. इसकी मदद से फाइल को अलग अलग हिस्सों में तोड़ कर सामने वाले व्यक्ति को भेजा जा सकता है. वह व्यक्ति बाद में उन हिस्सों को आसानी से जोड पाता है और उसे किसी विशेष सोफ्टवेर की आवश्यकता नहीं पड़ती.

