अमेरिका के किस प्रांत के लोग अधिक खुश हैं? अमेरिका में किस दिन लोग सबसे अधिक खुश होते हैं किस दिन सबसे अधिक दुखी होते हैं? अमेरिका के किस आयुवर्ग के लोग अधिक खुश हैं? अब इन सब सवालों का जवाब उपलब्ध है और इसके लिए ट्विटर का सहारा लिया गया है. बोस्टन के एक कम्प्यूटर इंजीनियर एलन मिसलोव और उसके साथियों ने मिलकर एक कम्प्यूटर प्रोग्राम बनाया है जो लोगों द्वारा की जा रही ट्विट का विश्लेषण कर यह पता लगाता है कि अमुक व्यक्ति खुश है या नहीं?इसके लिए 30 करोड़ ट्विट का विश्लेषण किया गया है और हरेक ट्विट को "मूड स्कोर" दिया गया है. मूड स्कोर उस ट्विट में निहित सकारात्मक अथवा नकारात्मक शब्दों पर आधारित होता है. उदाहरण के लिए यदि कोई व्यक्ति अपनी ट्विट में "प्रेम", "हंसी", "हीरे", "सोना", "स्वर्ग" जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता है तो वह सकारात्म्क ट्विट के रूप में चिह्नित होती है. दूसरी तरफ यदि कोई व्यक्ति अपनी ट्विट में "मृत्यु", "नर्क", "बलात्कार", "टेंशन", "मारपीट" जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता है तो वह नकारात्मक ट्विट के रूप में चिह्नित होती है.
इस तरह प्रतिघंटे लाखों की संख्या मे ट्विट का स्वचालित विश्लेषण करने के बाद एक मूड मैप तैयार होता है. इस मूड मैप के अनुसार अमेरिकन लोग रविवार को सबसे अधिक खुश होते हैं और गुरूवार को सबसे अधिक दुखी. यही नहीं देश के पश्चिमी भाग में रहने वाले लोग पूर्वी भाग में रहने वाले लोगों की अपेक्षा अधिक खुश होते हैं.
इस मूड मैप के माध्यम से देश के लोगों की परेशानियों और सामाजिक स्थितियों का पता चल जाता है. परंतु यह सिस्टम एकदम सटीक भी नहीं है. चुँकि यह स्वचालित विश्लेषण या मशीनी विश्लेषण करता है इसलिए इसमें चूक की सम्भावना काफी अधिक होती है. उदाहरण के लिए यदि कोई लिखे कि "मैं खुश नहीं हूँ" तो यह सिस्टम "खुश' को पढकर इसे सकारात्मक ट्विट मान लेता है, जो कि गलत है.
परंतु फिर भी इस सिस्टम से ऊपरी तौर पर अंदाजा तो आ ही जाता है.

