बॉलीवुड में अवसर पाने और पहचान बनाने के लिए कड़ी मशक्कत करने वाले गायक कैलाश खेर का कहना है कि उनकी आवाज हर अभिनेता पर फिट बैठती है.
खेर ने कहा, हर अभिनेता पर मेरी आवाज फिट बैठती है और सचमुच में मेरी आवाज उसी अभिनेता की आवाज लगती है. 36 वर्षीय इस गायक को सूफी गीत अल्ला के बंदे से खास पहचान मिली थी. आने वाले रियलिटी शो आईपीएल रॉकस्टार के प्रचार प्रसार के लिए यहां आए खेर ने कहा, मैंने कम उम्र में ही घर छोड़ दिया था क्योंकि मैं संगीतकार बनना चाहता था और इसके लिए मेरे पास सोच थी. उन्होंने कहा, मेरा संगीत फिल्मी नहीं होने के कारण मैंने सोचा कि क्या लोग इसे पसंद करेंगे लेकिन अल्लाह के बंदे के बाद मेरे लिए चीजें बदल गईं और मुझे पार्श्व गायक का तमगा मिल गया. यह रियलिटी शो आईपीएल रॉकस्टार कलर टेलीविजन चैनल पर प्रसारित किया जाएगा. गौरतलब है कि खेर इससे पहले दो रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुके हैं.

