21 मई को प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘काइट्स’ में रितिक रोशन ने लीड रोल किया है यह तो सभी जानते हैं. लेकिन जब यह फिल्म ह्रितिक को लेकर प्रोड्यूसर राकेश रोशन और डायरेक्टर अनुराग बसु ने प्लान की थी, तो ह्रितिक ने इस फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया था.
ह्रितिक उस समय तकलीफ के दौर से गुजर रहे थे. उनके घुटनों में असहनयीय दर्द था. दुनिया के कई डॉक्टर्स को उन्होंने अपनी तकलीफ बताई, लेकिन कोई फायदा नजर नहीं आ रहा था. ह्रितिक ने अपने पिता को कहा कि ‘काइट्स’ कर पाना उनके लिए मुश्किल होगा क्युंकि वे स्टंट या भागने वाले सीन नहीं कर पाएँगे. लेकिन अनुराग और राकेश अड़ गए. उनका कहना था कि फिल्म यदि बनेगी तो ह्रितिक को लेकर ही. मुश्किल दृश्यों में वे डुप्लिकेट का उपयोग कर लेंगे.लेकिन फिल्म की शूटिंग स्टार्ट होते ही चमत्कार हो गया. ह्रितिक के घुटनों का दर्द ठीक हो गया और ह्रितिक ने ‘काइट्स’ पूरी भी की.

