अपनी नम्रता और आकर्षक मुस्कान के लिए पहचान पाने वाले पार्श्वगायक शान का मिजाज छोटे पर्दे पर बदला हुआ दिखाई दे रहा है.
स्टार प्लस पर चल रहे संगीत आधारित रियलिटी शो ‘म्यूजिक का महामुकाबला’ में ‘शान्स स्ट्राइकर्स’ का नेतृत्व करने वाले शान को अकसर इस शो में बाँह चढ़ाते, गुस्से में लाल-पीला होते और अन्य साथी संगीतकारों के साथ तल्ख बहस में शामिल देखा जा सकता है. हाल ही में उनकी बहस शो में एक अन्य टीम के कैप्टन गायक मीका से हुई थी. उन्होंने संगीतकार-गायक शंकर महादेवन पर भी दर्शकों से ज्यादा अंक छीनने का आरोप लगाया.
मीका वाले मामले के संबंध में शान ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि लोग शो में मेरे रवैये के बारे में बातचीत कर रहे हैं. मैं आमतौर पर शांत रहता हूं लेकिन कोई मुझे उकसाता है तो मुझसे शांत रहने की अपेक्षा नहीं की जा सकती.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिम्मेदारी के साथ उग्रता आती है. मैं वहाँ गायकों का कैप्टन हूँ और मैं उनके लिए जरूर लड़ूँगा. यदि मैं उनके साथ नहीं खड़ा रहा तो उनके साथ कौन होगा.’’ यह शो समाप्त होने वाला है, जिसमें फाइनल में शान की टीम का मुकाबला शंकर के रॉकस्टार्स से होगा. इसका प्रसारण 20 मार्च को होगा.

