आज की व्यस्त और भाग दौड़ भरी जिंदगी में वैवाहिक जीवन की रोचकता पीछे छूट जाती है और उसकी जगह काम की परेशानी, ऑफिस की फाइलें, बच्चों की स्कूल और पैसों का टेंशन ले लेता है. हमने इस बारे में मनोचिकित्सक डॉ. सुधांशु राय से बात की. उनके अनुसार वैवाहिक जीवन की रोचकता और आपसी प्रेम बढाने के लिए कुछ छोटी छोटी बातों का सहारा लिया जा सकता है. इनमें से कुछ तरीके इस प्रकार हैं.
रसोई मे मदद:
कहते हैं कि साथ खाना बनाने से अधिक रोमांटिक और कुछ नहीं. यकीन ना हो तो आज़मा कर देख लें. जरूरी नहीं कि आप अच्छी पाकशाष्त्री हों ही. आप रसोई में अपनी पत्नी की मदद फिर भी कर ही सकते है. साथ में खाना बनाएँ और फिर कैंडल लाइट डिनर का आनंद लें. है ना रोमांटिक.
साथ में टहलने जाएँ:
यदि सुबह समय निकालना मुश्किल हो तो शाम के समय जाएँ. थकान महसूस कर रहें तो भी कुछ देर तक थोडी दूर तक पैदल जा सकते हैं. इससे थकान कम ही होगी और आम दोनों एक दूसरे को समय दे पाएंगे.
साथ में किताब पढें:
कोई ऐसी किताब चुनें जिसमें आप दोनों को रूचि हो. बारी बारी से एक दूसरे को उस किताब के अंश पढ कर सुनाएँ. यदि वह किताब कोई रोमांटिक कहानी हो तो और भी उपयुक्त है.
पिकनिक पर जाएँ:
अपने बच्चों के साथ कैम्पिंग का प्रोग्राम बनाएँ. प्रकृति के समीप एक दूसरे को अपने करीब महसूस करें. बच्चे जब खेलने में व्यस्त हों तब आप एक दूसरे को समय दे पाएंगे.
पुरानी तस्वीरें देखें:
महीने में एकाध बार पुराने एल्बम जरूरी खंगालें. कुछ तस्वीरें ऐसी होंगी, जिन्हें देखकर आप दोनों को हंसी आ जाएगी और कुछ तस्वीरें आपकी भावनाओं को जगा देंगी. एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है. पुरानी तस्वीरें देखना भी रोमांटिक हो सकता है.
साथ में व्यायाम करें:
चाहे वह योग हो या एरोबिक्स. एक साथ व्यायाम करें, और इन पलों का आनंद लें.
शॉपिंग करने जाएँ:
महिलाओं को शॉपिंग करना काफी पसंद होता है. और जरूरी नहीं कि आप हर बार कुछ खरीददारी करें ही! विंडो शॉपिंग भी की जा सकती है. किसी मॉल में पहुँच जाइए और जमकर विंडो शॉपिंग कीजिए.

