एक शोध से पता चला है कि जीवनसाथी के लिए होने वाली तीव्र स्पर्धा की वजह से पुरूषों की आयु घट रही है. इस शोध के अनुसार लिंग अनुपात में यदि बड़ा फर्क हो तो इसका सीधा असर पुरूषों के जीवनकाल पर पड़ता है और उनकी उम्र कम हो जाती है. ऐसे स्थानों पर जहाँ महिलाओं की संख्या पुरूषों की अपेक्षा कम हो वहाँ रहने वाले पुरूष सही लिंग अनुपात वाले प्रदेशों में रह रहे पुरूषों की अपेक्षा कम जीते हैं.जर्नल डेमोग्राफी में प्रकाशित हुई यह रिपोर्ट इंसानों पर की गई इस तरह की पहली शोध पर आधारित है. इससे पहले कई नस्ल के जानवरों पर इस तरह का अभ्यास किया जा चुका है. आज तक यह माना जाता था कि लिंग अनुपात में फर्क आ जाने से जानवरों पर इसका सीधा असर पड़ता है, परंतु इस नई शोध से यह साबित होता है कि इसका असर इंसानों पर भी उतना ही पड़ता है.
इस शोध से जुड़े हावर्ड मेडिकल स्कूल के प्रो. निकोलस क्रिस्टाकिस के अनुसार - यदि आपको अपने लिए पत्नी ढूंढने में परेशानी आ रही है तो इसका असर आपके शरीर पर पडता ह और आगे चलकर इसका सीधा असर आपके जीवनकाल पर भी पडता है.
लेकिन ऐसे पुरूषों का जीवनकाल अन्य पुरूषों की अपेक्षा कितना कम हो जाता है? शोधकर्ताओं का अनुमान है कि कम से कम तीन महिनों का फर्क तो अवश्य पड़ता है. परंतु दूसरा प्रश्न यह उठता है कि क्या तीन महिनों के मामुली से दिखने वाले अंतर को महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए? शोधकर्ताओं का मानना है कि हाँ. प्रो. निकोलस के अनुसार इसे इस तरह से देखा जाना चाहिए - एक 65 वर्षीय व्यक्ति अनुमानित रूप से 15 वर्ष और जी पाता है. यदि उस काल में से 3 महिने भी कम कर दिए जाएँ तो भी वह बड़ा अंतर है.
लेकिन ऐसा कैसे होता होगा? शोधकर्ताओं के पास इस प्रश्न का सटीक उत्तर तो नहीं है, परंतु उनका मानना है कि जीवनसाथी की तलाश और और उसके ना मिलने की सम्भावना पुरूषों के तनाव को बढा देती है. इससे वे धुम्रपान या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने लग जाते हैं या फिर एस्पीरीन जैसी दवाईयों की लत के शिकार हो जाते हैं और इससे उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है.
प्रो. निकोलस के अनुसार - लिंग अनुपात में बड़ा अंतर हो ऐसे प्रदेशों के पुरूष दो तरह की समस्याओं का सामना करते हैं. या तो उनका विवाह नहीं होता या फिर देरी से होता है और इसका असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ता है. यह साबित हो चुका है कि विवाह से व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा होता है. जिन पुरूषों का विवाह देरी से होता है वे इसका लाभ उठा नहीं पाते या देरी से उठा पाते हैं.

