माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर की जब शुरूआत हुई थी तब प्रतिदिन करीब 5000 संदेश ट्विटर पर प्रकाशित किए जाते थे. आज स्थिति यह है कि ट्विटर को रोज 5 करोड़ से अधिक संदेश समायोजित करने पड़ते हैं. ट्विटर आज अभिनेता से लेकर नेता और आम आदमी से लेकर हर "खास' आदमी तक पहुँच बना चुका है. ट्विटर की इस लोकप्रियता के पीछे ट्विटर के लिए बनी हजारों अप्लिकेशनों का भी बड़ा योगदान है. ट्विटर पर आज ना केवल वेब बल्कि मोबाइल और आईपोड से भी ट्विट की जा सकती है. और इसके लिए ट्विटर के लिए बनी विशेष अप्लेकिशनें काम आती हैं. इन अप्लिकेशनों में 7 अप्लिकेशनें छाँटना असम्भव है, परंतु फिर भी हम इस सिरीज की शुरूआत विविध 7 अप्लिकेशनों से कर रहे हैं जो ट्विटर अनुभव को और भी मजेदार और उपयोगी बना रही हैं - ईकोफोन:
अपने सिस्टम पर काम करते समय अचानक कुछ मजेदार दिमाग में आया और आप उसे ट्विट करना चाह्ते हैं तो क्या करेंगे? ट्विटर पर जाकर लोगिन करना आलस जगा सकता है. इसलिए यदि आप फायरफोक्स का इस्तेमाल करते हैं तो इकोफोन नामक प्लगइन इंस्टाल कर सकते हैं.
इकोफोन फायरफोक्स के स्टेटस बार में एक नीले आइकन के तौर पर प्रदर्शित होता है. इकोफोन के माध्यम से आप एक साथ कई ट्विटर अकाउंट प्रबंधित कर सकते हैं. सभी अकाउंट का यूजरनेम-पासवर्ड पहले से ही डाला जा सकता है. इसके बाद आप जब भी फायरफोक्स खोलेंगे इकोफोन स्वचालित ढंग से चालू हो जाएगा और आपको अपने अकाउंट पर आ रहे संदेशों की जानकारी लगातार मिलती रहेगी और आप आसानी से ट्विट भी कर पाएंगे.
Twitbymail:
यदि आप काम करते समय अपने मेलबॉक्स को खुला ही रखते हैं तो इस साइट की मदद से आप अपने मेलबॉक्स से ही ट्विट भी कर पाएंगे और प्राप्त होने वाले ट्विट पढ भी पाएंगे. ट्विटबायमेल आपको ईमेल के माध्यम से ट्विट करने और ट्विट प्राप्त करने की सुविधा देता है.
इस साइट का उपयोग करना भी काफी सरल है. आपको इस साइट पर पंजीकृत होने के बाद एक विशेष नाम चिह्नित करना होता है. इस नाम के आधार पर आपके लिए एक विशेष ईमेल एड्रेस बनता है, जिस पर ईमेल करने से वह ट्विट के रूप में ट्विटर पर प्रदर्शित हो जाता है. उदाहरण के लिए यदि आपने अपना ईमेल एड्रेस myname@gmail.com डाला है और विशेष नाम "123" चुना है तो आपका विशेष ईमेल आईडी myname123@twitbymail.com बन जाता है.
यहाँ आप कुछ विकल्प चुनकर अपने ईमेल अकाउंट पर अपने ट्विटर अकाउंट में आ रही ट्विट भी प्राप्त कर सकते हैं. लेकिन ध्यान रखें ये ट्विट अमूमन स्पैम फोल्डर में ही चली जाएगी. इसलिए मात्र ट्विट करने के लिए ही इस सेवा का उपयोग करें तो हितावह होगा.
यह सेवा उन ब्लैकबेरी फोन धारकों [भारत में] के लिए उपयोगी साबित हो सकती है जिन्होनें इंटरनेट का बेसिक प्लान लिया है जिसमें मात्र ईमेल की सुविधा मिलती है. इससे आप बिना किसी विशेष ट्विटर अप्लिकेशन जैसे कि "ट्विटबैरी" या "अबर ट्विट" आदि को डाले ट्विट कर सकते हैं.
ट्विटमेमे:
ट्विटमेमे दुनिया भर से ट्विटर पर प्रकाशित किए जा रहे संदेशों का समायोजन करती है. इस साइट की मदद से आप किसी भी विषय पर कितनी ट्विट आ रही है और आपकी अमुक ट्विट को कितनी बार किसने रीट्विट किया है यह जान सकते हैं. इस साइट की मदद से यह जाना जा सकता है कि ट्विटर पर कौन सा विषय अभी लोकप्रिय है और कौन से यूजर की ट्विटर प्रोफाइल कितनी लोकप्रिय है. इस साइट की मदद से आप सर्वाधिक लोकप्रिय ट्विट को रिट्विट कर सकते हैं.
फेसबुक ट्विटर अप्लिकेशन:
यदि आप ट्विटर और फेसबुक दोनों सोश्यल नेटवर्किंग साइटों पर सक्रीय हैं तो यह अप्लिकेशन आप के लिए वरदान से कम नहीं है. फेसबुक पर लोगिन होने के पश्चात अप्लिकेशन बटन दबाकर ट्विटर खोज करें. इससे आपको ट्विटर अप्लिकेशन की लिंक मिलेगी. इस लिंक पर क्लिक कर ट्विटर अप्लिकेशन को अपने अकाउंट में जोड़ लें तथा इसके बाद अपने ट्विटर अकाउंट को समायोजित कर लें.
इसके बाद जब भी आप कोई ट्विट करेंगे तो वह स्वत: आपके फेसबुक प्रोफाइल में प्रकाशित हो जाएगी. इससे आपको दो-दो जगह एक ही संदेश नहीं लिखना पड़ॆगा.
Twitterfeed:
यदि आप अपने ब्लॉग या साइट पर प्रकाशित होने वाली हर पोस्ट की कड़ी अपने ट्विटर अकाउंट पर स्वत: प्रकाशित करना चाहते हैं तो इस साइट की मदद ले सकते हैं. इस साइट पर लोगिन करने के पश्चात आपको अपने ब्लॉग की फीड डालनी होती है और अपने ट्विटर अकाउंट को इस अप्लिकेशन के साथ जोड़ना होता है. यहाँ आप यह भी सेट कर सकते हैं कि आप अपनी फीड को कितनी-कितनी देर से प्रकाशित करना चाहते हैं.
कोट्विट:
यह अप्लिकेशन छोटी, मध्यम या बड़ी कम्पनियों के लिए काफी उपयोगी है. वैसे भी आजकल ट्विटर प्रचार का एक अच्छा माध्यम बन चुका है और अधिकाधिक कम्पनियाँ ट्विटर के माध्यम से भी अपने उत्पादों का प्रचार कर रही हैं. यह अप्लिकेशन किसी भी कम्पनी के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है इसकी कई वजहें है. पहली वजह यह है कि यहाँ एक से अधिक प्रयोक्ता लोगिन हो सकते हैं और ट्विट कर सकते हैं, सबके अपने यूजरनेम और पासवर्ड होंगे. यहाँ एक से अधिक अकाउंट का प्रबंधन किया जा सकता है. मुख्य प्रबंधक अन्य प्रबंधकों के लिए दिशा निर्देश तय कर सकता है कि कौन सा व्यक्ति किस विषय पर ट्विटर करेगा. और उस पर नजर भी रख सकता है.
सबसे बड़ी बात यह है कि यहाँ भविष्य की ट्विट भी की जा सकती है. उदाहरण के लिए यदि आप किसी उत्पाद को फलाँना तारीख को लॉंच करना चाहते हैं तो उससे संबंधित ट्विट पहले से ही लिख लीजिए और तारीख और समय सेट कर दीजिए. ठीक वही समय और तारीख पर वह ट्विट प्रकाशित हो जाएगी.
tweet.im:
यदि आप अपना जीटॉक हमेशा खुला रखते हैं तो यह अप्लिकेशन काफी उपयोगी साबित हो सकती है. इस अप्लिकेशन की मदद से आप अपने चैट विंडो से ही ट्विट कर पाएंगे. इस अप्लिकेशन का उपयोग करने के लिए आपको उसकी साइट पर जाकर पंजीकरण करना होता है तथा अपना IM डालना होता है.
इसके बाद आप जीटॉक के माध्यम से ट्विट कर पाएंगे.

