ओरेंज फेस्टिवल, इवरिया, इटली

इटली के इवरिया इलाके में अनोखा ओरेंज फेस्टिवल या संतरा त्यौहार मनाया जाता है. फरवरी 25 से 28 के बीच मनाए जाने वाले इस त्यौहार के दौरान लोग सेना के भेष में खड़े लोगों पर संतरे फेंकते हैं.
इसके पीछे की कहानी 12वीं सदी तक जाती है जब यहाँ की युवा लड़कियों को शाही सैनिक उठा ले जाते थे और दुष्कर्म करते थे. बाद में जनआंदोलन की विजय हुई और यह अत्याचार बंद हुआ. इसकी याद में यह त्यौहार मनाया जाता है.
हडाका मसूरी

जापान के साइदाजी इलाके में यह त्यौहार मनाया जाता है. यह त्यौहार इसलिए अनोखा है क्योंकि इस त्यौहार के दौरान लोग नग्न हो जाते हैं. 21 फरवरी को मनाए जाने वाले इस त्यौहार के दौरान जापान में काफी ठंड होती है और जापानी पुरूष अपने आपको शुद्ध करने के लिए कपड़े त्याग देते हैं. वे सडकों पर निकल आते हैं और "वशोई" चिल्लाते हैं जिसका अर्थ होता है शानदार. आधी रात के बाद स्थानीय पूजाघर से "शिंगी' नामक लकड़ी के टुकड़े फेंके जाते हैं. जो कोई उन्हें प्राप्त कर पाता है उसे "सद्भाग्य" प्राप्त होता है.
बंदरों को खाना

नवम्बर 25 को थाईलैंड के लोबतुरी प्रांत के प्रा प्रांग साम योट मंदिर में बंदरों को खाना खिलाया जाता है. थाईलैंड के लोग इस प्रकार से राम को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं. बंदरों को खाना खिलाना हनुमान को प्रसाद चढाने के समान माना जाता है. इस दिन दुनिया भर से लोग इस मंदिर में इकट्ठा होते हैं. आसपास के इलाके के करीब 2000 बंदर यहाँ जमा हो जाते हैं और स्वादिष्ट मिष्ठान का आनंद उठाते हैं.
होली, भारत - गयाना - नेपाल

होली रंगो का त्यौहार है. फरवरी के अंत में मनाए जाने वाले इस त्यौहार के दौरान लोग एक दूसरे पर रंग छिड़कते हैं. इससे पहले होलिका दहन किया जाता है. होली बुराई पर अच्छाई की विजय और समरसता का प्रतिक है. होली को भारत के अलग अलग प्रांतो में अलग अलग तरह से मनाया जाता है.
चीज़ फेस्टिवल, ग्लूस्टर, इंग्लैंड

मई के आखिरी सोमवार के दिन इंग्लैंड के ग्लोस्टरशायर इलाके के कूपर्स हिल में लोगों की भीड़ जमा हो जाती है. इस दिन लोग सालाना चीज़ फेस्टिवल मनाने के लिए जमा होते हैं. इस दिन 5 दौड़ आयोजित की जाती है और विजेता को मिलती है एक परम्परागत ग्लूस्टर डबल चीज़.
प्रतियोगियों को एक छोटॆ पहाड़ पर चढना होता है. रास्ते में चीज़ बिछाई गई होती है और काफी फिसलन हो जाती है. कई लोग गिरते हैं और चोटें आती है, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं होता.
ला टोमटिना, ब्यूनोन, स्पैन

हर साल अगस्त के आखिरी बुधवार के दिन स्पैन के ब्यूनोन की सड़कें लाल हो जाती है. इस दिन लोग अनोखा टमाटर उत्सव जो मनाते हैं. हजारों की संख्या में लोग सडकों पर उतर आते हैं और एक दूसरे पर टमाटर फेंकना शुरू करते हैं. लोगों के बीच बकायदा युद्ध छिड़ जाता है और कपड़े तक फाड दिए जाते हैं भले ही आप महिला ही क्यों ना हो. मस्ती का उन्माद कई घंटों तक चलता है और बाद में लोग ब्यूनोन नदी के किनारे स्नान करते हैं.
इसके बाद नगर निगम शहर की सफाई करता है. वैसे टमाटर की जो नदियाँ बनती है उससे उत्पन्न एसिटिक असर की वजह से सडकें चमचमाने लगती हैं.
बैल से संघर्ष

स्पैन का एक और विचित्र त्यौहार. स्पैन के पेम्प्लोना शहर में जुलाई 7 से 14 के बीच यह त्यौहार मनाया जाता है. लोग बैलों के आगे दौड लगाते हैं और उन्हें बुल रिंग में लाने का प्रयत्न करते हैं. यह दूरी करीब 800 मीटर की होती है और पूरी प्रक्रिया 2-3 मिनट में समाप्त भी हो जानी चाहिए. लेकिन ऐसा होता नहीं. बैल बीच रास्ते में ही भडक जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं और इस तरह से रोमांच चरम सीमा पर पहुँच जाता है.
यह खतरनाक त्यौहार है. कई लोग अपनी जानें गँवाते हैं और बैलों के साथ भी अत्याचार होता है.

