दुनिया में बड़ी इमारते हैं, बड़े शहर हैं, बड़े हवाईअड्डे हैं.. परंतु छोटे क्या हैं? इसी विचार के साथ हमने ढूंढी और तैयार की एक सूचि. इसमें इंसान है, जानवर है, घर है, जेल है तथा और भी बहुत कुछ. पढिए और आनंद लीजिए -
इंसान:
सबसे छोटा इंसान
पहले यह खिताब नेपाल के एक व्यक्ति के नाम था परंतु कोलम्बिया के एडवर्ड निनो हर्नेंडेज़ ने उनके रिकार्ड को तोड़ दिया है. 24 वर्षीय एडवर्ड मात्र 10 किलो के हैं और उनकी लम्बाई मात्र 27 इंच [70 सेमी] है. एडवर्ड अब तक एक डिपार्टमेंट स्टोर में लोगों का मनोरंजन करते थे. परंतु गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम आने के बाद अब उनके लिए फिल्मों के ऑफर भी आने लगे हैं.
सबसे छोटी नवजात शिशु जो जीवित बची
जब रुमाइसा रहमान का जन्म हुआ था तब उनकी लम्बाई थी 9 इंच और वजन था 8 औंस! 8 औंस यानी कि एक मोबाइल फोन के जितना वजन. किसी को उम्मीद नहीं थी कि वे जीवित रह पाएंगी. परंतु रूमाइसा ने मौत को मात दे दी. रूमाइसा का जन्म शिकागो की एक अस्पताल में हुआ था. उनकी माँ को उच्च रक्तचाप की शिकायत है और डॉक्टरों को मात्र 25 सप्ताह और 6 दिन के बाद उनको जन्म दिलाना पडा. रूमाइसा ने जीवित रहकर 15 वर्ष पुराने एक रिकार्ड को तोडा. तब मात्र 10 औंस के वजन वाली एक बच्ची ने मौत को हराया था. रोचक बात यह है कि उसका जन्म भी उसी अस्पताल में हुआ जहाँ रूमाइसा का जन्म हुआ.
सबसे छोटा बॉडीबिल्डर
यह रिकार्ड एक भारतीय के नाम है. आदित्य रोमियो देव - ऊँचाई 2 फूट 9 इंच - वजन 9 किलो. फगवाडा, पंजाब के रोमियो देव 1.5 किलो के डम्बबेल उठा सकते हैं. हर सुबह वे जिम जाते हैं और ट्रेनिंग लेते हैं. उनका नाम 2006 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया था.
जानवर:
दुनिया का सबसे छोटा घोड़ा
इसका नाम है आइंस्टाइन. 3 महिने का आइंस्टाइन मात्र 14 इंच ऊँचा है. बार्नस्टेड, न्यू हैम्पशायर में जन्मा आइंस्टाइन दुनिया का सबसे छोटा घोडा माना जाता है.
इमारतें:
सबसे छोटी स्कूल
एक विद्यालय में कितने विद्यार्थी होते हैं? अगर छोटी से छोटी विद्यालय भी हो तो भी कम से कम 100-200 विद्यार्थी तो होते ही हैं, परंतु यदि हम कहें कि मात्र 4 विद्यार्थियों के साथ भी स्कूल खोली जा सकती है तो क्या आप यकीन करेंगे? अब्दुल मोहम्मद शेरानी, 23, ने इरान के कलाऊ कस्बे में यह स्कूल खोली है और वे इसके प्रिंसिपल भी हैं, अध्यापक भी, सचिव भी और लाइब्रेरियन भी. यहाँ पढते हैं कुल जमा 4 विद्यार्थी. वैसे कलाऊ गाँव में केवल 7 परिवार रहते हैं और कुल जनसंख्या है 35. तो स्कूल क्यों? दरअसर इरान सरकार अपने सैनिकों [अब्दुल मोहम्मद शेरानी सैनिक हैं] को दुरदराज के गाँव लोगों की सेवा करने के लिए भी भेजती है.
सबसे छोटी जेल 
सार्क द्विप की सार्क जेल दुनिया की सबसे छोटी जेल है. इस जेल में मात्र 2 कैदियों को बंद कर रखा जा सकता है. इस जेल का निर्माण 1856 में किया गया था. इस जेल में मात्र एक रात के लिए किसी कैदी को रखा जाता है. यदि उसे अधिक दिन तक रखना पडे तो उसे दुसरी जेल भेज दिया जाता है.
सबसे छोटा घर
सान फ्रांसिस्को, अमेरीका के पास जय शेफर नामक एक युवक ने अपना घर बनाया है जो सम्भवत: दुनिया का सबसे छोटा घर है. टम्बलवीड नामक यह घर मात्र 96 वर्ग फूट में बना है. वैसे आप चाहें तो जय से अपना घर डिजाइन करवा सकते हैं. जय को 50 घर वर्ग फूट से लेकर 500 वर्ग फूट तक के घर बनाने में महारत हासिल है.

