वंडर वुमन अब बदल चुकी है और उसके कपड़े भी. अब वह अंग प्रदर्शन नहीं करती और ना ही उसके कपड़े सर्कस के कलाकारों जैसे दिखते हैं. यह नई वंडर वुमन है जिसे आज के जमाने के हिसाब से डिजाइन किया गया है. वंडर वुमन वह पहली सुपरहीरो थी जो महिला थी. इस पात्र की कल्पना 69 वर्ष पहले की गई थी. अमेरिका की डीसी कॉमिक्स ने उस जमाने के हिसाब से पात्र को तैयार किया था. वंडर वुमन के कपड़े ऐसे डिजाइन किए गए जो काफी अंग प्रदर्शन करे और जिनमें अमेरिका की छवि दिखाई दे.
पाठकों ने उस समय वंडर वुमन के पात्र को बेहद पसंद किया था. परंतु जैसे जैसे समय बितता गया वंडर वुमन की लोकप्रियता भी घटती गई. वह कभी भी सुपरमैन, बेटमैन या स्पाइडमैन जैसी लोकप्रियता अर्जित नहीं कर पाई. उसके कपड़े भी बदलते हुए जमाने के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहे थे.
अंतत: डीसी कॉमिक्स ने इस पात्र को एकदम नया लूक देनी की सोची और इसके लिए जे. माइकल स्ट्रांजेस्की की मदद ली गई. जे. माइकल 'बेबिलोन 5" जैसा लोकप्रिय टीवी शो बना चुके हैं. डीसी कॉमिक्स ने उनको जिम्मेदारी थी वंडर वुमन को नया जीवन देने की. वंडर वुमन का नया भूतकाल और नई कहानियाँ, साथ ही नए कपड़े भी.
वंडर वुमन के नए कपडों की डिजाइन जिम ली ने तैयार की है जो कि डीसी के नए सह-प्रकाशक भी हैं. नई वंडर वुमन नीला जैकेट और काले रंग का स्कीन टाइट ट्राउज़र पहनती है. यह कपड़े उसके वर्तमान स्विम सूट मार्का कपडों से काफी अलग हैं. पहले वाले कपडे जहाँ चटख रंगों वाले थे, इन कपडो का रंग गहरा और सादा है.
इसके साथ ही वंडर वुमन की कहानी भी बदल रही है. पहले उसे एक राजकुमारी के रूप में दिखाया जाता था जो परग्रही थी. परंतु अब वह एक अनाथ है. उसके घर को अज्ञात लोग आग लगा देते हैं और माता पिता को मार देते हैं. इसके बाद वंडर वुमन अन्याय से लडती है.
वैसे यह पहला अवसर नहीं है जब वंडर वुमन को बदला जा रहा है. 1968 में भी ऐसा प्रयास हुआ था और वंडर वुमन की शक्तियाँ छिन ली गई थी और वह मार्शल आर्ट सिखने लगी थी परंतु पाठकों को वह बदलाव रास नहीं आया.
इसके बाद 2006 में भी वंडर वुमन को बदलने का प्रयास किया गया था परंतु डीसी कॉमिक्स ने नए डिजाइनर की इस बात को नकार दिया था कि वंडर वुमन को "भडकाऊ" कपडे नहीं पहनने चाहिए और उसे "ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी" की भी जरूरत है क्योंकि वर्तमान स्वरूप में ऐसी कोई भी महिला कम से कम लड़ाई तो नहीं कर पाएगी.
परंतु आखिरकार डीसी कॉमिक्स ने वंडर वुमन को नया रूप दे ही दिया. यह रूप वास्तविकता के अधिक करीब है और अब इस पात्र के ऊपर आधारित फिल्म बनाना भी आसान हो गया है. डीसी की ईच्छा भी यही है.

