दक्षिण कोरिया की पुलिस का कहना है कि एक दंपत्ति ने इंटरनेट पर गेम खेलने के चक्कर में अपने बच्चे को भूखा मार दिया है.
देश की सरकारी संवाद समिति योनहैप के अनुसार यह दंपत्ति अपनी छोटी सी बेटी को कई दिनों तक दिन में बस एक बार खाना खिलाता था क्योंकि वो बाकी समय इंटरनेट कैफ़े में गेम खेलते थे.
मजे़दार बात यह है कि यह दंपत्ति जो गेम खेलते थे वो भी बच्चों से जुड़ा था. इस गेम में बच्चे को पालने का काम होता है जैसे फेसबुक पर फार्मविले नामक गेम में आप खेती करते हैं.
संवाद समिति ने पुलिस अधिकारी चुंग जिन वोन के हवाले से कहा है कि दंपत्ति की नौकरी जाने के बाद वो ‘सामान्य जीवन जीने की अपनी इच्छा खो चुके थे.’
सियोल के दक्षिण में सुविऑन में इस दंपत्ति को गिरफ्तार किया गया है. इस दंपत्ति का बच्चा पाँच महीने पहले मर गया था जिसके बाद वो अपने घर से भाग गए थे.
इस दंपत्ति ने इंटरनेट गेम में वर्चुअल गर्ल अनिमा का पालन कर रहे थे और वो गेम में इतना रम गए कि अपने बच्चे का ख्याल रखना भूल गए.
इस गेम में खेलने वाले को अपने वर्चुअल बच्चे से बात करने का मौका दिया जाता है ताकि वर्चुअल बच्चे की याददाश्त आ सके.