Monday, May 21st

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

बैदु भाई मेट्रिकुलेट

BBC Hindi
100803090024_baidu_ram_kashyap.jpg170छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक दसवीं की गृह विज्ञान की परीक्षा में बैठे या नहीं, इस पर विवाद छिड़ गया है. दिलचस्प बात यह है कि तीन घंटों का पेपर उन्होंने कथित रूप से एक घंटे में ही हल कर दिया.

हालांकि परीक्षा केंद्र के अधीक्षक का दावा है कि विधायक जी परीक्षा देने आए थे लेकिन वहाँ उन्हें किसी ने नहीं देखा. अलबत्ता उनके हस्ताक्षर वाली उत्तर पुस्तिका उनकी टेबल पर रखी हुई मिली.

चित्रकोट के विधायक बैदु राम कश्यप ओपन बोर्ड से दसवीं की परीक्षा दे रहे हैं. जगदलपुर के पास तोकापाल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उनका परीक्षा केंद्र है.

पिछले हफ़्ते गृह विज्ञान की परीक्षा थी. ज़ाहिर है जब विधायक परीक्षा दे रहे हैं तो स्थानीय मीडिया की उत्सुकता भी बढ़ गई. विधायकजी तो आए नहीं लेकिन उनकी उत्तर पुस्तिका टेबल पर ज़रूर रखी हुई मिली. वह भी भरी हुई.

बैदु राम कश्यप का रोल नंबर 07101010218 है और हॉल में उसी हिसाब से उनके बैठने का इंतज़ाम पांच नंबर के कक्ष में किया गया. परीक्षा हाल में उनकी सीट के आगे पीछे बैठे हुए किसी भी परीक्षार्थी ने विधायकजी को ना आते देखा ना जाते.

केंद्र अधीक्षक सीएम चौधरी का दावा है कि विधायकजी आठ बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे. चौधरी का दावा है कि विधायक जी के किए अलग कक्ष में परीक्षा देने का इंतज़ाम किया गया था और वह साढ़े नौ बजे अपना पेपर पूरा कर चले भी गए.

केन्द्राधीक्षक का कहना है कि मीडिया वाले देर से आए क्योंकि विधायकजी नें एक घंटे में ही अपना पेपर पूरा कर लिया था.

इस घटना ने बस्तर की राजनीति को गरमा दिया है. युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र पर जाकर अपना विरोध प्रकट किया.

मामले की जाँच

पार्टी के नेता शांति सलाम और अनवर खान ने मामले की जांच कि मांग की है. वैसे जगदलपुर के जिला शिक्षा अधिकारी डी समैया मामले की जाँच कर रहे हैं.

इस बारे में पूछे जाने पर बैदुराम कश्यप नें दावा किया कि वह परीक्षा केंद्र पर गए थे और उन्होंने परीक्षा भी दी थी. उनका कहना है, "चूँकि मैंने पेपर जल्दी पूरा कर लिया था इसलिए मैं जल्दी चला गया."

युवक कांग्रेस का आरोप है कि जब इस बात का पता चला कि मीडिया वाले परीक्षा केंद्र पर आए हैं तो जो लोग विधायकजी के लिए परीक्षा दे रहे थे वह भाग खड़े हुए.

कांग्रेस के नेता अनवर खान का कहना है, "ऐसा भी हो सकता है की विधायक जी ने घर से ही पेपर लिख कर भिजवा दिया हो."

यह संयोग ही है कि बैदु राम कश्यप बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी हैं.
BBC Hindi
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS