दक्षिण अफ़्रीका में अगले साल होने वाले फुटबॉल विश्व कप का इस्तेमाल कंडोम को बढ़ावा देने के लिए करने पर बहस चल रही है.
इसके तहत कंडोम की ब्रांडिग फुटबॉल से करने का विचार रखा गया है लेकिन राजधानी केपटाउन के मेयर को ये विचार पसंद नहीं आया.
उन्होंने इसे बकवास कहते हुए वेश्यावृत्ति पर भी निशाना साधा.
दरअसल यौनकर्मियों के लिए काम करने वाले कुछ संगठनों ने कहा कि विश्व कप के दौरान एचआईवी संक्रमण और फैलने का ख़तरा है और एहतियात के तौर पर कंडोम के इस्तेमाल के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए.
दक्षिण अफ़्रीका नेशनल एड्स काउंसिल और सेक्स वर्ल्ड एडवोकैसी ग्रुप लंबे अरसे से वेश्यावृत्ति को अपराध की श्रेणी से हटाने की माँग कर रहे हैं.
लेकिन केपटाउन के मेयर डैन प्लैटो का मानना है, "मैं वेश्यावृत्ति को वैध करने के पक्ष में नहीं हूँ. मैं उन लड़कियों के बारे में काफी चिंतित हूँ जो सड़क किनारे ग्राहक की तलाश कर रही होती हैं."
उन्होंने कहा कि फुटबॉल के ज़रिए कंडोम का प्रचार करने से वेश्यावृत्ति को और बढ़ावा मिलेगा.
दक्षिण अफ़्रीका में दुनिया के किसी देश की तुलना में सबसे ज़्यादा एड्स के मरीज़ हैं जिनकी संख्या लगभग 52 लाख है.
अगले साल जून में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के दौरान अन्य देशों के लगभग साढ़े चार लाख खिलाड़ी और दर्शक दक्षिण अफ़्रीका पहुंचेंगे.