Monday, May 21st

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

इसराइली राजदूत की दरगाह में हाज़री

BBC Hindi
100903054820_israel_envoy466नारायण बारेठ  अजमेर शरीफ़ में सूफ़ी संत ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर एक अलग ही नज़ारा देखने में आया जब भारत में इसराइल के राजदूत मार्क सोफ़ेर ने वहाँ जा कर अक़ीदत के फूल पेश किए और अमन के लिए दुआ की.

सदियों पुरानी इस पवित्र दरगाह में ये पहला मौक़ा था जब किसी इसराइली राजदूत ने अपनी हाज़री दी हो.खुद सेफ़ोर ने कहा कि सूफ़ीवाद की तालीम और उसूलों से पुरे जहाँ को एक धागे में पिरोया जा सकता है.

सोफेर अपने साथियों के साथ अचानक दरगाह पहुंचे तो ख़ादिमों की संस्था अंजुमन के पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की.

इसराली राजदूत ने मज़ार शरीफ में चादर और अकीदत के फूल पेश किए. उस वक़्त रोज़ा इफ्तार का लम्हा आया तो दरगाह परिसर के आरकाट दालान में रोज़ेदारों ने रोज़ा खोला तो इसराइली राजदूत भी इसमें शरीक हुए.

एक खादिम के मुताबिक, सोफ़ेर वो सूफ़ियाना मंज़र देख कर बहुत प्रभावित हुए और कहा ये दिल पर गहरी छाप छोड़ता है.

इस मौक़े पर दरगाह के ख़ादिमो ने इसराइल में फ़लिस्तानियो के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार पर नाराज़गी भी ज़ाहिर की.

नाराज़गी ज़ाहिर की
अंजुमन के एक सदस्य सरवर चिश्ती ने इसराइली राजदूत से साफ़ साफ़ कहा एक बार की हाजरी से चौदह साल पुराना मसला हल नहीं हो सकता.

उनका कहना है, "हमने उनसे कहा कि इसराइल फ़लस्तीन में ज़ुल्मो सितम ख़त्म करे,ग़ज़ा पट्टी में फ़लस्तीनियों को उनका हक़ मिले. राज्य प्रायोजित आतंकवाद बंद हो, तभी शांति आ सकती है".

सरवर चिश्ती का कहना था, "एक खादिम के नाते हमने उनकी अगवानी की, ज़ियारत करवाई और मुसलामन होने के नाते हमने अपने जज़्बात से उन्हें रूबरू करवाया".

हालाँकि कुछ ख़ादिमो ने सांकेतिक तौर पर सोफ़ेर के दरगाह में हाज़री देने पर नाराज़गी ज़ाहिर की लेकिन साथ ही यह भी कहा कि ग़रीब नवाज़ का दर तो सबके के लिए खुला है.

एक ख़ादिम मोईन हसन चिश्ती ने बीबीसी से कहा, "यह तो एक महान फ़क़ीर की दरगाह है, इसके दरवाज़े तो सबके लिए खुले रहते है. हालाँकि नाराज़गी तो है. मगर इस महान हस्ती की चौखट पर तो कोई भी माथा टेक सकता है".

अंजुमन के एक सदस्य ने कहा कि सोफ़ेर की ऐसे ही अगवानी की गई जैसे ऐसे मौक़े पर किसी और ज़ायरीन की की जाती है.

सोफेर आस्ताना से लौटे और आरकाट के दालान में आये तो रोज़ा खोला. वहीं उनकी दस्तारबंदी की गई.

ये दालान आरकाट के नवाब ने बनवाया था. वहीं पर अंजुमन का रजिस्टर मंगवाया गया जहाँ सोफ़ेर ने अपने विचार कलमबंद किये.

ये दरगाह वो मुक़द्दस मक़ाम है जो ना जात देखती है ना मज़हब. न रंग और न ही नस्ल. ये वो जगह है जहाँ दुनिया एकाकार नजर आती है. इसमें क्या राजा क्या रंक,ख़्वाजा के दरबार में तो सब बराबर है. उनमें एक राजदूत हो या कोई किसी मुल्क का हुक्मरान, सब बराबर हैं.
BBC Hindi
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS