Monday, May 21st

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

24 सौ साल पुराना 'सूप' मिला

BBC Hindi
101213144050_chinese_ancient_soup_226x170_xinhuaचीन की राष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक देश के भूगर्भशास्त्रियों को एक ऐसा कटोरा हाथ लगा है जिसमें मौजूद सूप 24 सौ साल पुराना हो सकता है.

ये सूप कांसे के एक बर्तन में सुरक्षित रखा था और इस बर्तन का ढक्कन ऊपर से बंद था.

बंद बर्तन के अंदर सूप का तरल पदार्थ और उसमें हड्डियाँ सुरक्षित पाई गई हैं.

ये बर्तन एक खुदाई के दौरान चीन के प्राचीन शहर सियान में मिला.

चीन के मशहूर मिट्टी के लड़ाके यानि 'टेराकोटा वारियर्स' इसी शहर के हैं.

अब इस तरल पदार्थ की जाँच ये पता करने के लिए हो रही है कि ये बना किससे था और इसमें किन चीज़ों का इस्तेमाल हुआ था.

इस खुदाई के दौरान बिना किसी गंध वाला एक और तरल पदार्थ मिला जिसके बारे में माना जा रहा है कि वो एक किस्म की शराब, वाइन है.

स्थानीय एयरपोर्ट तक जाने के लिए एक उपमार्ग बनाने के उद्देश्य से की जा रही खुदाई के दौरान ये बर्तन एक कब्र की खुदाई के समय मिले.

चीन की मीडिया में कहा गया है कि ये चीन के इतिहास में पहले 'बोन सूप' की खोज है.

चीन की मीडिया के मुताबिक ये खोज 475-221 ईसा पूर्व के मध्य देश में रह रहे लोगों के बारे में, उनकी सभ्यता और खान-पान वगैरह के बारे में पता लगाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

वैज्ञानिकों ने कहा है कि जिस कब्र से सूप और उसका मर्त्तबान मिला है, वो या तो किसी ज़मींदार या फिर निम्न स्तर के किसी सैनिक अधिकारी का रहा होगा.

सियान 11 सौ साल से ज़्यादा लंबे समय तक चीन की राजधानी रहा था

चीन के पहले बादशाह, किन शिहुआंग की कब्रगाह के स्थल पर 1974 में इसी शहर में चीन की मशहूर 'टेराकोटा आर्मी' मिली थी.

221 ईसा पूर्व में किन शिहुआंग ने चीन के एकीकरण का नेतृत्त्व किया था उन्होंने 210 ईसा पूर्व तक चीन पर शासन किया था.
BBC Hindi
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS