Monday, May 21st

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

रियालिटी शो-रिश्ते जोड़े भी,तोड़े भी

BBC Hindi

पिछले कुछ सालों में एक बात तो स्पष्ट हो चुकी है. भारत में टेलीविज़न या छोटा पर्दा अब कहीं से भी छोटा नहीं रहा. फ़िल्मी सितारों की तरह अब टीवी की दुनिया के सितारों की चमक भी कुछ कम नहीं है.

टीवी की दुनिया में ये साल शायद रियालिटी शो के नाम रहेगा. इसकी ताज़ा मिसाल इससे बेहतर अब और क्या हो सकती है कि बॉलीवुड के बिग बी इस साल बने छोटे पर्दे के बिग बॉस.

इसके लिए अमिताभ बचच्न को कितनी रकम अदा की गई होगी इसके बारे में आप कयास ही लगा सकते हैं.

रियालिटी शो की लोकप्रियता ऐसी रही है कि पिछले कुछ समय से धारावाहिकों की ओर लोगों का आकर्षण कम हुआ है...एकता कपूर के सास बहू धारावाहिक भी लोगों को नहीं भा रहे.

रिश्ते जोड़ता भी है, तोड़ता भी है

आपको एडवेंचर और खतरनाक स्टंट देखने हो, स्वयंवर रचाना हो, ख़ुद को अच्छे माता-पिता साबित करना हो, अपने रिश्ते की सच्चाई परखनी हो... आपके लिए हर किस्म का रियालिटी शो हाज़िर है. इतना भर काफ़ी न हो तो आप अपने पिछले जन्म की सैर भी कर सकते हैं मानो किसी टाइम मशीन में बैठ गए हों.

सलमान खान ने सोनी पर इस साल भी 'दस का दम' के ज़रिए टीवी और अपनी दोनों की लोकप्रियता का दम मनवाया.

सलमान जहाँ लोगों को पैसा जितवाते नज़र आए तो अक्षय कुमार ने वो किया और करवाया जिसके लिए वे सबसे ज़्यादा जाने जाते हैं- एडवेंचर और खतरनाक स्टंट. फ़ीयर फैक्टर और मुझे इस जंगल से बचाओ जैसे रियालिटी शो में स्टंट, एडवेंचर, रोमांच और रोंगटे खड़े कर देने वाले कारनामों ने अपने चैनलों की रेंटिंग को कहाँ से कहाँ पहुंचा दिया.

अगर आपको लगा कि रियालिटी शो पर आपने क़ानून की कचहरी, हैरतअंगेज़ स्टंट, क्विज़, गाना, डांस ..सब देख लिया है तो एक झटका अभी और बाकी था.

रियालिटी शो की एक्सपर्ट बन चुकी राखी सावंत ने आपको दावत दी कि वो अपना स्वयंवर करेंगी जिसमें आप भी उनके साथ शामिल रहेंगे- क्योंकि ये सबके सामने टीवी पर जो होना था. इस शो में संभावित वरों से राखी का प्यार-तकरार, नाते-रिश्तेदारी सब कुछ आपको टीवी पर देखने को मिला.

लोगों ने भले ही ऐसे शो के औचित्य पर तमाम सवाल उठाए लेकिन फिर भी बहुत से लोग नौ बजे ज़रूर टीवी के सामने बैठे नज़र आते थे कि क्या राखी एनआरआई वर इलेश को चुनेगी या मानव को या क्षितिज को. ये बात और है कि जब स्वयंवर की बजाय राखी ने शो के अंत में केवल सगाई की तो हफ़्तों तक अपना एक घंटा टीवी के सामने बैठकर बिताने वालों ने ठगा से महसूस किया.

राखी ने स्वंयवर के बाद दूसरे रियालिटी शो में हाथ डालने में ज़रा भी देर नहीं की. रियालिटी शो 'पती, पत्नी और वो' में टीवी की दुनिया की कई जोड़ियाँ पहुंची ये देखने और दिखाने कि क्या वे अच्छे-माता साबित होंगे....बेशक राखी-इलेश भी इसमें शामिल थे.

इस शो में हर जोड़ी को बच्चों का पालन-षोषण करना था जिसमें चंद महीनों तक के बच्चे भी शामिल थे. पर क्या रियालिटी शो के नाम पर ऐसा करना सही है कि छोटे बच्चों को उनके असल माता-पिता से दूर अनजान लोगों के बीच रखा जाए? इसे लेकर काफ़ी हंगामा हुआ, ये नैतिक बहस अब भी जारी है लेकिन रियालिटी शो बदस्तूर चलता रहा.

ज़िंदगी के ही नहीं मौत के राज़ भी

इन रियालिटी शो में जहाँ लोग नए रिश्ते जोड़ते नज़र आए तो रिश्तों को सच की कसौटी पर परखता रियलिटी शो आया 'सच का सामना'. क्या आपके जीवनसाथी के विवाहेतर संबंध हैं, क्या आपकी कोई नाजायज़ संतान है, क्या आप अपने भाई-बहन से ईष्या करते हैं, क्या आप अपने जीवनसाथी की हत्या कर देना चाहते है.....रिश्तों की नींव को झकझोर देने वाले इस रियालिटी शो को लेकर संसद तक में बवाल मचा.

क्या ऐसे शो भारतीय संस्कृति के ख़िलाफ़ हैं या लोग सच का सामना करने से डरते हैं. शो का पहला सीज़न ख़त्म हो गया और अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया.

एक के बाद एक रियालिटी शो देखकर शायद आपको ऐसा आभास हुआ हो कि ज़िंदगी से जुड़े हर पहलू को तो ये रियालिटी शो खुले में ला चुके हैं...अब क्या बचा है?

तभी टीवी पर आया ऐसा शो जो आपको ज़िंदगी से आगे, मौत की दुनिया में ले जाता है, आपको पिछले जन्मे में ले जाना का दावा करता है.

टींवी पर आने वाले ऐसे कई रियालिटी शो ख़ासे लोकप्रिय रहे हैं. आख़िर क्या है जो लोगों को इनकी तरफ़ खींचता है?

सेलीब्रिटी प्रतियोगी, उनको करीब से देखने का मौका, झगड़े, हाई वोल्टेज ड्रामा, रोमांच, एडवेंचर, साज़िश, कॉमेडी, इमोशन.......यानी भरपूर मनोरंजन.अंतहीन चलने वाले धारावाहिकों से उलट एक-दो महीनों में रियालिटी शो का काम तमाम हो जाता है.

ऐसे आरोप भी लगते रहे हैं कि रियालिटी शो में केवल ड्रामा है,वोटिंग प्रणाली सही नहीं होती लेकिन फिर भी बिग बी में विंदु जीता या पूनम ढिल्लन इसकी उत्सुकता बहुत से लोगों के दिलों में रही, राखी सावंत किससे शादी करेगी ये जानना हर कोई चाहता था.

हाल ही में शुरु हुए रियालिटी शो 'राज़ पिछले जन्म का' ने ज़िंदगी से लेकर मौत तक का सफ़र पूर कर दिया है. अब इतंज़ार रहेगा कि 2010 में रियालिटी शो जीवन की कौन सी 'रियालिटी' लोगों को दिखाते हैं. सुना है राहुल महाजन अपने स्वयंवर में सबको न्योता दे रहे हैं.....
BBC Hindi
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS