पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराई गई नलिनी श्रीहरन की जल्द रिहाई के मामले पर आज मद्रास हाई कोर्ट में सुनवाई होगी.
तमिलनाडु की सरकार नलिनी की रिहाई की अपील पर जेल सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट अदालत में पेश करेगी. नलिनी इस समय राजीव गांधी हत्याकांड के मामले में वेल्लोर जेल में आजीवन कारावास की सज़ा भुगत रही हैं. नलिनी को इस मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई थी, लेकिन बाद में इसे आजीवन कारावास में बदल दिया गया.नलिनी के वकील एम राधाकृष्णन ने चेन्नई में पत्रकारों को बताया कि सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट पर अदालत राज्य सरकार से कह सकती है कि वह नलिनी के मामले पर फ़ैसला करे या ये भी हो सकता है कि अदालत राज्य सरकार को कहे कि वह केंद्र सरकार से सलाह ले. तमिलनाडु की द्रमुक सरकार केंद्र की सरकार में भागीदार है और वह पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह केंद्र से सलाह के बाद ही नलिनी के भविष्य पर कोई फ़ैसला करेगी.

