हैती और चिली के बाद दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लगातार भूकंप के छोटे महसूस किए जा रहे हैं. रविवार को एशिया के जापान और इंडोनेशिया में भूकंप के झटके महसूस किये गये.
जापान में भूकंप की तीव्रता जहां 6.6 आंकी गई, वहीं इंडोनेशिया के जलीय क्षेत्र में आया भूकंप 6.4 तीव्रता का रहा. भूगर्भ वैज्ञानिकों ने दोनों ही भूकंपों के बाद सुनामी की कोई चेतावनी नहीं जारी की. इन भूकंपों से दोनों देशों में जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. जापान में भूकंप टोक्यो से 250 किलोमीटर दूर फुकूशिमा में था, वहीं इंडोनेशिया में यह भूकंप समुद्री क्षेत्र में आया.
भारत में भी पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश का एक बड़ा हिस्सा रविवार को मध्यम दर्जे के भूकंप से थर्रा उठा. यह भूकंप 4.6 तीव्रता का था. इससे जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके निकोबार द्वीप समूह में भी महसूस किए गए. देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में आए भूकंप का केंद्र पंजाब में होशियारपुर के पास था। पहला झटका सुबह करीब 8:13 बजे आया. इसके बाद 12:23 बजे एक और झटका महसूस किया गया.

