जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में आतंकवादियों के एक ग्रेनेड हमले में एक जवान शहीद हो गया जबकि पांच अन्य घायल हो गए. पिछले एक हफ्ते में शहर में हुआ यह तीसरा हमला है.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुछ संदिग्ध आतंकवादियों ने रविवार की दोपहर में करीब सवा तीन बजे महाराजगंज पुलिस थाने के नजदीक पथेर मस्जिद के पास सीआरपीएफ जवानों पर ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें छह जवान घायल हो गए.
उन्होंने कहा कि घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनमें से एक जवान मोहन लाल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान शुरु कर दिया है. स्थानीय समाचार एजेंसी सीएनएस के मुताबिक सेव कश्मीर मूवमेंट नामक चरमपंथी समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. हमले के बावजूद भारतीय अधिकारियों का दावा है कि हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में चरमपंथी गतिविधियों में कमी आई है. हालाँकि इसके साथ ही ये चिंता भी जताई जा रही है कि चरमपंथी हमले करने की बज़ाए श्रीनगर और अन्य शहरों में अपने आपको संगठित कर रहे हैं.

