Monday, Feb 13th

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

हिजबुल का 'पेप्सी बॉम्बर' अहमदाबाद में गिरफ्तार

Print PDF
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के गुजरात में ठिकाना बनाने के मंसूबों पर पानी फेरते हुए पुलिस ने बशीर अहमद बाबा उर्फ 'पेप्सी बॉम्बर' नामक एक कश्मीरी को गिरफ्तार किया है, जिसने इसरो समेत राज्य की मुख्य जगहों की टोह ली और नापाक इरादों को पूरा करने के लिए युवकों की कथित रूप से भर्ती भी की थी. गुजरात आतंकवादी निरोधक दस्ते (ए.टी.एस.) के प्रमुख अजय तोमर ने रविवार को अहमदाबाद में कहा कि आनंद जिले के समरखा गाँव से बीती रात हमने बशीर अहमद बाबा उर्फ ऐजाज (32) को गिरफ्तार किया.
उन्होंने बताया कि जमानत पर रिहा बशीर के बारे में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से सूचना मिली थी जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी और उसे धर दबोचा.
तोमर ने कहा कि बशीर का मुख्य काम ऐसे युवकों की पहचान करना था, जिन्हें बहकाकर आतंकवादी प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान भेजा जा सके. उन्होंने कहा कि बशीर अब तक लगभग तीन हजार युवकों को पाकिस्तान भेज चुका है. बशीर मूलत: श्रीनगर का रहने वाला है। जम्मू कश्मीर पुलिस उसे 'पेप्सी बॉम्बर' के नाम से जानती है. बशीर को पेप्सी के खाली केन में उन्नत विस्फोटक उपकरण लगाकर धमाके करने में महारथ हासिल है. एटीसी प्रमुख तोमर ने कहा कि बशीर ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) समेत गुजरात के कई महत्वपूर्ण ठिकानों की टोह ली थी. इनमें रेलवे स्टेशन, कांकरिया झील, साइंस सिटी, अक्षरधाम मंदिर, मॉल्स और सिनेमाघर जैसी जगहें शामिल है. पुलिस कश्मीर घाटी के उस एक पत्रकार को भी सरगर्मी से तलाश कर रही है जिसके बारे में माना जाता है कि राज्य से बाहर आतंकवादी ठिकाना बनाने के लिए वह बशीर की मदद कर रहा था. बशीर को आईपीसी की धारा १२० बी (आपराधिक षडयंत्र) और गैर कानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियिम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है.
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS