योग गुरू बाबा रामदेव ने मंगलवार को राजनीति के मैदान में उतरने की घोषणा की है. उनके अनुसार उनकी पार्टी देश के राजनीतिक तंत्र को साफ़ करेगी.
रामदेव ने कहा कि उनकी पार्टी अगले लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. बाबा रामदेव ने कहा कि भारत स्वाभिमान के बैनर तले वो सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेंगे. हालांकि उन्होंने साफ़ किया कि वो किसी राजनीतिक पद या लाभ से खुद को दूर रखेंगे.उन्होंने कहा कि इसके लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर दिया गया है. उनके संगठन ने अगले दो वर्षो में देश के प्रत्येक जिले में सात से 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है.रामदेव ने कहा कि भारत स्वभिमान का उद्देश्य स्विस बैंक सहित विभिन्न विदेशी बैंकों में जमा करोड़ों रुपए वापस लाना और उसे देश के विकास में लगाकर भारत से अशिक्षा, भूख, गरीबी, बेरोजगारी, नक्सलवाद और आतंकवाद को समाप्त करना है. उन्होंने देश से भ्रष्टाचार, बलात्कार, गोहत्या और आतंकवाद के लिए मौजूदा कानून में संशोधन कर ऐसे अपराधों के लिए मृत्युदंड की व्यवस्था करने की भी बात कही.

