कश्मीर घाटी में तनाव बरकरार है और हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही. शुक्रवार से जारी हिंसा में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है. उग्र भीड़ के द्वारा सुरक्षा बलों पर हमले किए जाने जारी है और उधर आत्मरक्षा में की गई सुरक्षाबलों की गोलीबारी से आम नागरिकों की जान जा रही है.
जो एक बात काफी चिंताजनक लग सकती है वह यह है हमलावर बच्चों और महिलाओं को ढाल के तौर पर इस्तेमाल करते दिख रहे हैं. पिछले दिनों हुई मौतों में कुछ बच्चे भी हैं.
उधर कश्मीर के सभी दस जिलों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल कड़ी सतर्कता बरत रहे हैं.
श्रीनगर में दंगाइयों की भीड़ ने रविवार की रात एक पुलिस स्टेशन में आग लगा दी. इससे वहाँ रखे एलपीजी सिलेंडर में धमाका हो गया और इससे कई लोग घायल हो गए. दूसरी तरफ श्रीनगर से 20 किलोमीटर दूर एक थाने पर भी दंगाइयों ने पथराव किया.
गृहमंत्री पी. चिदम्बरम ने भी स्वीकार किया है कि कश्मीर की स्थिति काफी चिंताजनक हो गई है.

