क्या अमेरिका की खुफिया एजेंसियो को पता था कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करने की फिराक में है, और क्या उन्होनें इस बात को गुप्त ही रखा? विकीलीक्स ने जो नया खुलासा किया है उससे यही साबित होता है.
मुंबई हमले के बाद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की हत्या की साजिश रची थी. यह जानकारी विकीलीक्स द्वारा उजागर की गई अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में लिखी गई है. लश्कर के पाकिस्तानी आकाओं और आतंकी संगठन के भारतीय सदस्यों के बीच हुई बातचीत से पता चलता है कि यह संगठन पिछले साल जून में मोदी की हत्या करना चाहता था.
परंतु इस बारे में गुजरात पुलिस को कुछ भी पता नही था. गुजरात पुलिस को केन्द्रीय खुफिया एंजेंसियों से भी कोई सूचना नहीं मिली. इससे स्पष्ट है कि अमेरिका ने इन खबरों को भारत से साझा ही नही किया.
अमेरिकी खुफिया रिकॉर्ड में मोदी की हत्या की साजिश के पीछे लश्कर कमांडर शफीक काफा का नाम आया है. इस खबर के लीक होने के बाद से गुजरात पुलिस में हडकम्प मच गया है और अब मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की पुनर्समीक्षा की जा सकती है.

