पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने कहा है कि वे इस बात की गारंटी नहीं दे सकते कि भारत पर 26/11 जैसा हमला फिर नहीं होगा.
इस्लामाबाद दौरे पर गए अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स से बातचीत में उन्होने कहा कि पाकिस्तान पर रोज मुंबई जैसे हमले होते हैं. हम उन्हें नहीं रोक पा रहे तो भारत में अब और ऐसे हमले नहीं होंगे यह गारंटी कैसे दे दें.
लेकिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि गिलानी और गेट्स के बीच आतंकवाद को लेकर बातचीत हुई है लेकिन उसमें भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर भी बात हुई. हालांकि इसमें मुंबई जैसे हमलों को रोकने की गारंटी न देने की कोई बात नहीं हुई.
उधर भारत ने इस टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि पाकिस्तान अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकता.

