Wednesday, May 23rd

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

आई.आई.एम. इंदौर उड़ाना चाहता था इंडियन मुजाहिदीन का आतंकी

Print PDF
आतंकी शहजाद उर्फ पप्पू की गिरफ्तारी से इंडियन मुजाहिदीन (आई.एम.) की उस साज़िश का खुलासा हुआ है, जिसके तहत देश में हवाई हमले की योजना बनाई जा रही थी. शहज़ाद को ही इस साज़िश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. उसने खुलासा किया कि वह जून-जुलाई में आई.आई.एम. समेत इंदौर में कई जगह धमाके करने की फिराक में भी था.

शहजाद के ई-मेल और सोशल नेटवर्किग साइट के अकाउंट की जांच में खुफिया एजेंसियों को पता चला कि उसने बेंगलुरू के एक फ्लाइंग क्लब में हवाईजहाज उड़ाने का प्रशिक्षण लिया था. उसकी कई फोटो भी मिली हैं, जिसमें वह कॉकपिट में बैठा नजर आ रहा है. पुलिस का कहना है कि शहजाद लगातार आई.एम. के एक शीर्ष सदस्य मिर्जा शादाब बेग के संपर्क में था. कोड भाषा में लिखे एक ई-मेल में उसने बेग को एडवांस पायलट प्रशिक्षण के लिए विदेश जाने की अपनी योजना के बारे में बताया था. इसके लिए वह केलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया के कई फ्लाइंग इंस्टीट्यूट्स से बातचीत कर रहा था. उसने इन संस्थानों से विभिन्न श्रेणी के हवाई कोर्स की अवधि और फीस की जानकारी ली थी. लखनऊ में उत्तरप्रदेश के ए.डी.जी. बृजलाल ने बताया कि 2008 के दिल्ली बम विस्फोट के आरोपी शहजाद के निशाने पर देश के अन्य तकनीकी संस्थान भी थे. उसने अपने साथी बेग के साथ इंडिया गेट में बम रखने का अपराध कबूला है. वह बाटला हाउस मुठभेड़ में भी शामिल था और भाग निकलने में सफल रहा था. शहजाद के मुताबिक, इंडियन मुजाहिदीन ने उसे युवा ब्रिगेड का प्रमुख बनाने का वादा किया था.
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS