पाकिस्तान ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारत के साथ विदेश सचिव स्तरीय वार्ता 25 फरवरी को नई दिल्ली में होगी और उसमें वह सभी अहम मुद्दों को उठाएगा तथा समग्र वार्ता के जरिए त्वरित समाधान की आवश्यकता पर बल दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यहां कहा कि यह तय किया गया है कि दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तरीय वार्ता 25 फरवरी को नई दिल्ली में होगी. नई दिल्ली में 25 फरवरी को विदेश सचिव स्तरीय वार्ता के बारे में फैसला प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी और विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच हुई बैठक में किया गया। यह बैठक शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री के निवास पर हुई.विदेश सचिव निरुपमा राव ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर को वार्ता के लिए नई दिल्ली आमंत्रित किया था. भारत ने कहा है कि वार्ता आतंकवाद पर केंद्रित होगी लेकिन वह उन मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है जो पाकिस्तान उठाता है. भारत ने नई दिल्ली में बैठक के लिए 18 और 25 फरवरी की तारीख का प्रस्ताव किया था. बयान के अनुसार वार्ता के दौरान पाकिस्तानी पक्ष को सभी प्रमुख मुद्दे उठाने चाहिए और जल्द समाधान के लिए समग्र वार्ता बहाल किए जाने की आवश्यकता के बारे में भारत को बताना चाहिए. गिलानी ने बैठक में मौजूद बशीर को निर्देश दिया कि भारतीय समकक्ष के साथ उनकी बातचीत परिणामोन्मुखी और सार्थक होनी चाहिए. ग़ौरतलब है कि भारत ने मुंबई आतंकी हमलों के बाद समग्र वार्ता प्रक्रिया स्थगित कर दी थी. भारत ने कहा है कि इस बातचीत का मतलब समग्र वार्ता की बहाली नहीं समझनी चाहिए, हालांकि वह वह बलूचिस्तान सहित उन मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है जो पाकिस्तान उठाता है.

