अब तक ऐसी गोली को खोजने में वैज्ञानिक नाकाम रहे थे जो पुरूष द्वारा उपयोग में ली जा सके. मगर अब इजराइल के वैज्ञानिकों ने ऐसी गोली खोज ली है जो न केवल 100% असरकारक होगी बल्कि सुरक्षित भी होगी. अब तक ऐसी गोलियाँ केवल महिलाओं के लिए ही उपलब्ध है, ये कुछ हद तक असरकारक तो है मगर पूर्णतः सुरक्षित नहीं कही जा सकती. वहीं पुरूषों के लिए बनी इस गर्भनिरोधक गोली को सुरक्षित भी माना जा रहा है. इसमें किसी तरह के हार्मोनों का उपयोग नहीं किया गया है. वहीं महीने में एक बार या तीन महीने में एक बार ही लेने की आवश्यकता होने से भूलने का खतरा भी नहीं होगा.
इस खोज में शामिल वैज्ञानिकों को उम्मीद है की अगले तीन वर्षों में यह गोली बाजार में उपलब्ध हो जाएगी. फिलहाल चुहों पर इसका सफल परिक्षण हो गया है तथा मानव पर अगले साल से परिक्षण शुरू होगा.
यह गोली वीर्य से उस महत्त्वपूर्ण प्रोटिन को हटा देती है जो किसी महिला के गर्भधारण के लिए अनिवार्य होता है. ऐसे में गर्भाशय तक पहुँचने में सफल रहे शुक्राणु डिम्ब को फलित करने में सफल नहीं हो पाते.
प्रो. हैम ब्रैटबर्ट, जिन्होनें इस खोज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, ने कहा कि पुरूष हार्मोन आधारित ऐसी ही अन्य दवाईओं के परिक्षण भी चल रहे है, मगर उनके पार्श्व-प्रभाव के रूप में चिड़चिड़ापन, हताशा व यौन-इच्छा के कम होने जैसे लक्षण सामने आ रहे है, जबकी इस दवाई से ऐसा कुछ भी नहीं होता.

