भविष्य में आपको अपने शहर में एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए टैक्सी भले ही मिले या ना मिले परंतु अंतरिक्ष में सैर करने के लिए टैक्सी जरूर उपलब्ध होगी. नासा और रूस की अंतरिक्ष एजेंसी के द्वारा आम लोगों को अंतरिक्ष का सशुल्क भ्रमण करवाने का दौर काफी पहले से जारी है. अब कई निजी कम्पनियाँ भी इस क्षैत्र में पाँव पसार रही है. ऐसी ही एक कम्पनी है बाइजेलो एयरोस्पेस. इस कम्पनी का इरादा कई स्पैस पैड बनाने का है जहाँ से यात्री टैक्सी पकड कर अंतरिक्ष की सैर पर जा सकेंगे.
इस कम्पनी के प्रमुख माइक गोल्ड ने डिस्कवरी न्यूज को बताया कि अंतरिक्ष परिवहन सिस्टम का विकास उम्मीद से काफी पहले हो सकता है. हम इसके काफी नजदीक पहुँच चुके हैं.
जुलाई 2006 में इस कम्पनी ने अपने स्पैसक्राफ्ट के प्रोटोटाइप का परीक्षण किया था. और अब यह स्पैसक्राफ्ट [जिनेसिस 1 और 2] उपयोग के लिए तैयार हो रहा है. इसके साथ ही बाइजेलो कई अन्य निजी स्पेस एजेंसियों जैसे कि बोइंग और स्पैसएक्स के साथ भी समझौता कर रहा है. ये वे कम्पनियाँ है जो अंतरिक्ष टैक्सी व्यापार शुरू करने के प्रति गम्भीर हैं.
लेकिन क्या यह व्यापार लाभदायी है? इस विषय पर माइक गोल्ड का कहना है कि अंतरिक्ष अनुसंधान के लिए पैसे जुटाने का यह सबसे बढिया जरिया है. उन्होने कहा - अंतरिक्ष का वाणिज्यिक उपयोग ही एक मात्र रास्ता है. अगर हम सरकारी तंत्र के रास्ते पर जाते हैं जो की काफी मँहगा है तो अंतरिक्ष से कुछ भी मजेदार हासिल नहीं हो पाएगा. आगे बढने के लिए अंतरिक्ष टैक्सी जैसे कार्यक्रम अति आवश्यक हैं.
2014 तक इस तरह के सिस्टम विकसित हो जाने की उम्मीद है. उसके बाद हर कोई कभी भी अंतरिक्ष की सैर कर पाएगा. बस पैसे की कमी नहीं होनी चाहिए.

