दुनिया में परग्रही जीवों और उड़नतस्तरियों को देखे जाने के किस्से कई हैं. दावे होते रहते हैं और बहस चलती रहती है. पर आज तक कोई भी ऐसा ठोस सबूत प्राप्त नहीं हुआ है जो यह साबित कर सके कि दूसरी दुनिया के लोग धरती पर आए थे. बहरहाल उनका इंतजार सबको है और स्वागत की तैयारियाँ भी की जाती रही है. फ्रांस के दक्षिणी हिस्से में स्थित है एक गाँव एरेज़. यहाँ के लोग वर्षों से किसी परग्रही यान के उतरने का इंतजार कर रहे हैं. एरेज़ वह पहला ऐसा स्थान है जहाँ के लोगों ने बकायदा एक यूएफओ लैंडिंग स्थल बनाया है जहाँ उड़नतस्तरियाँ उतर सकती है. यहाँ के लोग पिछले 34 वर्षों से परग्रही जीवों का इंतजार कर रहे हैं.
1976 में यहाँ की स्थानीय नगरपालिका ने बहुमत से एक प्रस्ताव पारित कर एक यूएफओ लैंडिंग पैड का निर्माण करने की योजना बनाई थी. स्थानीय कौंसिल ने तो एक कानून भी बनाया था कि जो कोई परग्रही एरेज़ के लैंडिंग पैड पर अपना यान उतारेगा और यहाँ रहने आएगा उसके ऊपर किसी भी प्रकार का कर नहीं लगाया जाएगा और वह विभिन्न खेलों और व्यापार में भागीदार बन पाएगा.
एरेज़ के लैंडिंग पैड पर 1300 डॉलर खर्च हुई हैं और यह एक सनक भरा कदम माना जा सकता है परंतु सच तो यह है कि एरेज़ के लोगों ने एक "स्मार्ट" निवेश किया है. वह इसलिए क्योंकि तब से आज तक यहाँ पर्यटकों के आने की संख्या में भारी बढोत्तरी हुई है. हर साल करीब 20,000 लोग इस स्थल की मुलाकात लेते हैं. वे लैंडिंग पैड के पास खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाते हैं और विज्ञान कथाओं के शौखिन यहाँ आकर स्वर्ग में आने का सा अनुभव करते हैं. इससे एरेज की आर्थिक हालत सुधरी है.
परंतु परग्रहवासी तो नहीं आए! और अब उन्हें आकर्षित करने के लिए नई योजना बनाई गई है और इसके तहत पिछले दिनों एरेज़ के यूएफओ लैंडिंग पैड पर एक छद्म उड़नतस्तरी को उतारा गया, ताकी परग्रहवासी देख सकें कि यह स्थल कितना सुरक्षित है.
एरेज के लोगों की कोशिशें जारी है, देखना है कि कब किसी परग्रहवासी का दिल उन पर आ जाए.

