इस युद्धपोत को अजेय माना जाता है. यूएसएस ज्योर्ज वाशिंगटन अमेरीका के उन युद्धपोतों में से एक है जिसे देखकर दुश्मनों के दाँत खट्टे हो सकते हैं. इस युद्धपोत पर कुछ ऐसे लड़ाकु जहाज होते हैं जो किसी भी समय किसी भी परिस्थिति में उडान भर कर दुश्मन के हमलों की हवा निकाल सकते हैं. यह युद्धपोत समुद्र का शहंशाह कहा जाता है जिसकी गति और मारक क्षमता बेजोड है. परंतु इस युद्धपोत अब अजेय नहीं रहेगा. इसका सामना एक ऐसे दुश्मन से होने जा रहा है जो इसको क्षण भर में तहस नहस कर सकता है. अमेरीका के रक्षा विशेषज्ञों की चिंता चीन की एक नई मिसाइल ने बढाई है. अमेरीकी नौसेना के अधिकारियों का मानना है कि चीन की यह नई मिसाइल पूरे खेल को बिगाड़ सकती है. चीन एक युद्धपोत नाशक मिसाइल तैयार कर रहा है जिसका नाम है डोंग फेंग 21डी. जमीन से दागी जाने वाली यह मिसाइल 1500 किलोमीटर तक मार कर सकती है और इसकी तकनीक इसे किसी भी युद्धपोत को समुद्र में ही दफन करने की ताकत प्रदान करती है. यदि युद्धपोत काफी तेज गति से चल भी रहा हो तो भी यह मिसाइल उसे अपना निशाना बना सकती है.
जानकारों के अनुसार इस मिसाइल का अंतिम परीक्षण जल्द ही होने की सम्भावना है. परंतु इसकी मारक क्षमता पर अभी भी प्रश्नचिह्न लगा हुआ है. विशेषज्ञों के अनुसार इस बात पर तो संदेह नहीं है कि इस मिसाइल से अमेरीकी युद्धपोतों को खतरा है परन्तु वह खतरा कितना बड़ा है इसका अनुमान लगाना कठीन है.
कुछ माह पहले अमेरीका ने शक्ति प्रदर्शन करने के लिए अपने इस युद्धपोत को उत्तरी कोरिया की समुद्री सीमा के पास खडा कर दिया था. कुछ दिन बाद शायद यह उतना आसान भी ना रहे.

