आईपैड एक लाभ अनेक. एपल के इस शानदार गैजेट के लिए आज सैंकडों की संख्या में अप्लिकेशन उपलब्ध है. इन अप्लिकेशनों की मदद से आप तरह तरह के कार्य कर सकते हैं और ना ना प्रकार की सुविधाएँ आपको प्राप्त होती है. इनमें से एक सुविधा है पेंटिंग बनाना.तो अब ना तो कैनवास की जरूरत है और ना ही रंगो की. क्योंकि सबकुछ डिजिटल स्वरूप में आईपैड अप्लिकेशन के माध्यम से उपलब्ध है. और 23 वर्षीय कील लैम्बर्ट ने तो इस सुविधा का उपयोग कर कमाल ही कर दिया है. कील ने आईपैड के ऊपर कई मशहूर हस्तियों के पोर्ट्रेट बनाए हैं और वह भी काफी कुशलता है. इसके लिए कील ने ब्रशेज़ नामक एक आईपैड अप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जिसकी कीमत 4.99 पाउंड है.
कील चित्रकारी और एनिमेशन में स्नातक है. उन्होनें अब तक मैडोना, जैनिफर एनिस्टन, रिहाना और जूड लॉ जैसी फिल्मी हस्तियों के पोर्ट्रेट बनाए हैं और इसके लिए मात्र उंगलियों का इस्तेमाल किया है. काइली के अनुसार एक पोर्ट्रेट को बनाने में करीब 8 घंटे का समय लगता है.
पर क्या कैनवास पर पेंटिंग बनाना और आईपैड पर पेंटिंग बनाना एक जैसा ही है? इस बारे में कील ने कहा - कैनवास पर पेंटिंग और आईपैड स्क्रीन पर पेंटिंग बनाने में काफी समानता है. बस यहाँ आप वास्तविक ब्रश का इस्तेमाल नहीं करते बल्कि अपनी उंगलियों का करते हैं. परंतु आईपैड स्क्रीन पर पोर्ट्रेट बनाना अपेक्षाकृत सरल है और सस्ता भी.
इसकी एक और खूबी यह है कि एक बार पोर्ट्रेट बन जाने के बाद भी आप सम्पूर्ण प्रक्रिया को फिर से 'प्ले" कर देख सकते हैं और भविष्य में कभी भी सम्पादित भी करसकते हैं. काइली के अनुसार यह मुश्किल भी नहीं है. थोड़े से अभ्यास के बाद कोई भी आईफोन पर चित्र बना सकता है.

