एपल ने अपने मीडिया प्लेयर डिवाइजों आईपोड और एपल टीवी के नए संस्करण जारी किए हैं. इसके साथ ही कम्पनी ने एक नया संगीत आधारित सोश्यल नेटवर्क पिंग भी लॉंच किया है जिसके माध्यम से लोग आईट्यूंस पर जाकर लोगों और संगीत सेलिब्रिटियों को फोलो कर पाएंगे और उनके अपडेट पढ पाएंगे तथा संगीत प्रीव्यू सुन पाएंगे.एपल टीवी:
एपल की एपल टीवी डिवाइज़ टीवी शो और फिल्मों को इंटरनेट और टीवी पर देखने की सुविधा प्रदान करती है. एपल ने इसकी कीमत घटाकर मात्र $99 कर दी है. और अब एपल टीवी पर किराए पर शो भी देखे जा सकते हैं. यानी कि अब फिल्मों और टीवी शो को खरीदने की आवश्यकता नहीं रहेगी और आप कम कीमत चुकाकर मात्र किराए पर भी शो देख पाएंगे. एक फिल्म की कीमत लगभग $4.99 और टीवी शो की कीमत 99 सेंट रखी गई है.
आईपोड:
एपल ने अपने लोकप्रिय आईपोड टच को और परिष्कृत किया है. अब इस डिवाइज में सामने की तरफ भी कैमेरा लगाया गया है. इस तरह से अब आईपोड टच प्रयोक्ता भी एपल आईफोन प्रयोक्ताओं की तरह वीडियो चैटिंग कर पाएंगे. नए आईपोड टच में आईफोन और आईपैड की तरह ए4 प्रोसेसर लगाया गया है. इसके अलावा आईपोड नैनो से अब बटन हटा दिए गए हैं और पूरे कंट्रोल अब स्क्रीन पर ही दिखाई देंगे.
पिंग:
एपल ने नया सोश्यल नेटवर्क पिंग लॉंच किया है जो आईट्यूंस पर आधारित है. पिंग के माध्यम से लोग अन्य लोगों को फोलो कर पाएंगे, किसी भी संगीत ट्रेक के बारे में अपनी राय लिख पाएंगे और यह जान पाएंगे कि उनके मित्र अभी क्या सुन रहे हैं. इसके अलावा यहाँ "वन क्लिक" खरीद का विकल्प भी है. यानी कोई संगीत ट्रेक पसंद आए तो मात्र एक बटन दबाकर उसे खरीदा जा सकता है.
सेलिब्रिटियाँ इस सेवा के माध्यम से अपने प्रशंसकों तक पहुँच बना पाएंगे. वे अपने कंसर्ट की तस्वीरें लगा पाएंगे और नए ट्रेक के प्रीव्यू भी. यहाँ 30 सेकंड के संगीत प्रीव्यू को सुनने की सुविधा दी गई है.
यह कुछ कुछ फेसबुक जैसा ही है. अब आईट्यूंस के आवरण के मध्य भाग में पिंग का बटन दिखाई देगा, जिसे दबाने पर पिंग आवरण खुल जाएगा. आप फेसबुक की तरह स्टेटस अपडेट कर पाएंगे और दोस्तों की स्ट्रीम पढ पाएंगे.

