एक नई आईफोन अप्लिकेशन बताती है कि सुंदरता के पैमाने में आपका स्थान कौन सा है? यह एक सशूल्क अप्लिकेशन है जो इन दिनों काफी लोकप्रिय हो रही है, परंतु कई लोग इस अप्लिकेशन के विरूद्ध आवाज़ भी उठा रहे हैं क्योंकि इसकी वजह से लोगों को निशाना बनाना और अपमानित करना सरल हो रहा है, विशेष रूप से विद्यालयों और कॉलेजों में.यह अप्लिकेशन एपल के एप स्टोर से डाउनलोड की जा सकती है. इसकी कीमत 99 पेंस है और इसको इंस्टाल करने के लिए 5.5 एमबी की स्पेस चाहिए. इस अप्लिकेशन को इंस्टाल करने के बाद प्रयोक्ता किसी भी चेहरे की सीधी तस्वीर लेकर उसकी सुंदरता [वास्तव में बदसूरती] की रैकिंग देख सकते हैं. यह अप्लिकेशन 1 से लेकर 10 अंकों तक की रैकिंग देती है. जितनी रैंकिंग अधिक, उतना ही आदमी बदसूरत.
कुछ हॉलीवुड सेलिब्रिटियों की तस्वीरों की आईफोन द्वारा फिर से तस्वीरें खींच कर इस अप्लिकेशन के माध्यम से रैकिंग तैयार की गई. इस रैकिंग से पता चलता है कि एंजलिना जोली हॉलीवुड की सबसे सुंदर अभिनेत्री है क्योंकि उनकी रैकिंग 10 में से 2 रही. परंतु मैड मैन अभिनेत्री और टीवी स्टार क्रिस्टीना हैन्ड्रिक की किस्मत बेहद खराब रही क्योंकि इस अप्लिकेशन के अनुसार उनसे अधिक बदसूरत और कोई नहीं, क्योंकि उनकी रैकिंग रही 10 में से 10. हालाँकि यह बात क्रिस्टीना के लाखों फैंस को अच्छी नहीं लगेगी.
कैसे काम करती है यह अप्लिकेशन?
प्रयोक्ता सबसे पहले किसी भी व्यक्ति के चेहरे की सीधी तस्वीर खींचता है. उसके बाद उस तस्वीर को इस अप्लिकेशन में खोल कर उसमें दी गई ग्रिड के हिसाब से समायोजित करता है. इसके पश्चात यह अप्लिकेशन अपने अलगोरिथम के अनुसार उस तस्वीर की बदसूरती को रैंक देती है.
परंतु इस अप्लिकेशन का उपयोग मात्र मनोरंजन के लिए ना होकर एक दूसरे का मजाक उडाने के लिए किया जाने लगा है. कॉलेजों के विद्यार्थी अन्य छात्रों की तस्वीरें खींच कर उनकी बदसूरती का पैमाना देखते हैं और फिर खराब रैकिंग पाने वाले छात्र या छात्रा का मज़ाक उडाया जाता है. अमेरिका की कई कॉलेजों में इस तरह की अप्लिकेशनों की वजह से भी आईफोन जैसे स्मार्टफोनों को लेकर आने पर प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जा रहा है.

