फुजीफिल्म ने एक नया छोटा सा कैमरा बाज़ार में उतारा है जो ना केवल त्रिआयामी तस्वीरें ले सकता है बल्कि तुरंत ही उन्हें देखने की सुविधा भी देता है, वह भी बिना किसी विशेष ऐनक को लगाए.
फुजीफिल्म का W3 कैमरा इस लिहाज से काफी उपयोगी साबित हो सकता है. इस कैमरे की मदद से किसी भी व्यक्ति या वस्तु की त्रिआयामी तस्वीर खींची जा सकती है और उसे बिना किसी विशेष उपकरण की सहायता से देखा जा सकता है. इसके लिए फुजीफिल्म ने इस कैमरे की डिस्प्ले स्क्रीन विशेष लैंसों के द्वारा बनाई है. अत्यंत बारीक और आड़े-तिरछे समायोजित किए गए ये लैंस रोशनी को अलग अलग कोण से प्रवाहित करते हैं. इससे इस स्क्रीन की तरफ देख रहे व्यक्ति की दोनों आखें अलग अलग प्रकार की रोशनी को सोखती है और इससे दिमाग को त्रिआयामी चित्र का आभास होता है.
परंतु इसके लिए जरूरी है कि इन तस्वीरों को देखने वाला व्यक्ति इस स्क्रीन के बिल्कुल सामने खड़ा हो. यानी कि उसने कैमरा स्क्रीन को बिल्कुल अपनी आँखों के सामने लेकर रखा हो. ऐसी सूरत में उसे त्रिआयामी चित्र दिखाई देता है परंतु उसके अगल-बगल में खड़े व्यक्तियों को स्पष्ट त्रिआयमी चित्र नही दिखता.
फुजीफिल्म के द्वारा लॉंच किया गया यह कैमरा ऐसा पहला कैमरा नहीं है जो त्रिआयामी चित्र ले सकता है. परंतु इसकी तकनीक काफी उन्नत जरूर है. इससे पहले इस तरह के कैमरों में शटर-शट तकनीक का इस्तेमाल होता था जिसका परिणाम इतना अच्छा प्राप्त नहीं होता था. इस तरह के कैमरों की खींची गई तस्वीरों की प्रोसेसिंग जापान भेजकर करवानी पड़ती थी और इस तरह से समय नष्ट होता था और खर्च भी अत्यधिक बढ जाता था.
परंतु अब थ्रीडी टीवी के आने और W3 जैसे कैमरों के बाज़ार में लॉंच होने से त्रिआयामी तस्वीरें खींचना अब आम बात होने जा रही है.

