जापान के सोनी कोर्प ने भी अब एपल के आईट्यूंस की तरह अपनी ऑडियो स्ट्रीमिंग सेवा शुरू कर दी है. इससे इस क्षैत्र मे एपल के एकाधिकार को चुनौती मिलने की सम्भावना है.सोनी ने क्रियोसिटी नाम संगीत स्ट्रीमिंग सेवा शुरू की है जो एक क्लाउड कम्प्यूटिंग आधारित डिजिटल संगीत सेवा कही जा सकती है. क्योंकि यह सेवा प्रयोक्ताओं को संगीत और ऑडियो ट्रेक डाउनलोड करने की सुविधा नहीं देती है.
इस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रयोक्ताओं को पंजीकरण कर एक निश्चित शूल्क चुकाना होता है. इसके बाद प्रयोक्ता सोनी के इंटरनेट के साथ कनेक्ट हो सकने वाले डिवाइज़ों जैसे कि प्लेस्टेशन 3, ब्राविया टीवी तथा अपने पीसी के माध्यम से संगीत का आनंद उठा सकते हैं.
यह सेवा प्रयोक्ताओं को अपना अकाउंट खोल कर पसंदीदा ट्रेक बुकमार्क करने और आईट्यूंस के साथ सिंक करने की सुविधा भी देती है. फिलहाल यहाँ 60 लाख गाने रखे गए हैं. यह सेवा फिलहाल ब्रिटेन में शुरू की गई है और अगले साल तक ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटाली, स्पैन, न्यूजीलैंड और यूएस में शुरू होगी.

