Monday, Feb 13th

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

बिना सिग्नल के भी काम करेंगे मोबाइल फोन

Print PDF
mobile-signalक्या आप अपने मोबाइल ओपरेटर से इसलिए नाराज़ है क्योंकि आपके मोबाइल के सिग्नल बार बार टूट जाते हैं और इससे आवाज़ कटती है या फिर बातचीत ही नहीं होती? तो जल्द ही आपकी समस्या सुलझ सकती है. बाज़ार में ऐसे मोबाइल फोन उपलब्ध हो सकते हैं जो कमज़ोर सिग्नल होने पर भी सुचारू रूप से कार्यरत रहेंगे. यहाँ तक कि यदि जरा भी सिग्नल ना मिले तो भी ये मोबाइल फोन काम करते रहेंगे.

ऑस्ट्रेलिया के एक शोधकर्ता ने एक ऐसी मोबाइल तकनीक विकसित की है जो मोबाइल फोन को हर समय कार्यरत रखती है चाहे टावर से सिग्नल प्राप्त हो रहे हों या ना हों. इस तकनीक के माध्यम से मोबाइल फोन बिना किसी संचार सुविधा के भी काम करते रहते हैं.

पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइंडर्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अपनी तकनीक का प्रदर्शन किया. शोधकर्ताओं की एक टीम ऑस्ट्रेलिया के दुर्गम इलाके साइलर्स लूकआउट अर्कारूला गई. अर्कारूला में मोबाइल फोन कवरेज बिल्कुल भी नहीं है और नजदीकी मोबाइल टावर 100 से 130 किलोमीटर दूर है. यहाँ भी इस तकनीक से युक्त मोबाइल फोन सुचारू रूप से काम करते रहे.

कैसे काम करती यह तकनीक?

इस तकनीक पर आधारित मोबाइल फोन डिवाइज के अंदर एक छोटा सा मोबाइल फोन टावर स्थापित किया जाता है. इसके बाद यह तकनीक मोबाइल फोन पर उपलब्ध वाई-फाई सिस्टम के माध्यम से सिग्नल प्रवाहित करने लगती है. इससे होता यह है कि मोबाइल फोन से की जा रही बातचीत मोबाइल फोन के अंदर ही स्थित सिग्नल टावर के माध्यम से प्रेषित होने लगती है और उसे किसी केन्द्रीय सिस्टम की आवश्यकता नहीं रहती. यह आवाज कुछ मीटर पर मौजूद अन्य मोबाइल डिवाइज़ तक पहुँच सकती है. इससे नजदीक में ही स्थित दो व्यक्ति बात कर सकते हैं. परंतु यदि इस तरह के फोनों का नेटवर्क बढ जाए और थोड़े छोटे छोटे ट्रांसपोंडर लगाए जाएँ तो मोबाइल फोन दूर कहीं स्थित बड़े मोबाइल टावर से सम्पर्क स्थापित कर लेता है. इससे मुख्य मोबाइल टावर से काफी दूर स्थित मोबाइल फोन भी चालू रह पाता है.

इस तकनीक को विकसित करने वाली टीम का दावा है कि इस तकनीक की वजह से आपातकालीन स्थितियों में काफी सुविधा उपलब्ध होगी.
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS