Monday, Feb 13th

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

नई अनोखी "सुरक्षित" कार जो जमीन और पानी दोनों पर चले

Print PDF
spiraअमेरिका में चल रहे प्रोग्रेसिव इंसुरेंस ऑटोमेटिव एक्स प्राइज़ प्रतियोगिता मे एक अनोखी कार हिस्सा ले रही है. इस कार के निर्माताओं का दावा है कि इससे सुरक्षित कार और कोई हो नहीं सकती है. दिलचस्प बात यह है कि यह कार ना केवल अपने यात्रियों के लिए बल्कि सडक पर चलते अन्य हल्के वाहनों और फूटपाथ पर चल रहे लोगों के लिए भी काफी सुरक्षित है.

वैसे दिखने में यह कार विचित्र सी लग सकती है क्योंकि इस कार के भीतर और बाहरी सतह पर फॉम लगाए गए हैं. Spira4u के डेवलपरों का मानना है कि यह प्रतियोगिता जीतने के उनके आसार काफी हैं परंतु उनका उद्देश्य मात्र प्रतियोगिता जीतना ही नहीं है. उनका उद्देश्य है इस कार की उपयोगिता को साबित करना और यह सुनिश्चित करना की इस कार का वाणिज्यिक उत्पादन हो.

स्पायरा कम्पनी के संस्थापक लोन बेलार्ड का कहना है कि इस कार के पीछे उन्होनें प्रति सप्ताह 60-70 घंटे काम किया है और अपने 2 लाख डॉलर इस परियोजना के पीछे खर्च कर दिए हैं. उनका मानना है कि यह कार शहरी यातायात के लिए आदर्श है. बेलार्ड के अनुसार - शहरी यातायात की वजह से अन्य नागरिकों को बहुत परेशानी होती है. बड़े शहरों में, चाहे वे विकसित देशों में हों या विकासशील देशों में, फूटपाथ पर चलने वाले लोगों की तथा दुपहिया वाहनों पर सवार लोगों की संख्या काफी अधिक होती है. तो हमारा उद्देश्य है एक ऐसी कार का निर्माण करना जो इनके लिए विकल्प बन सके और जो काफी सुरक्षित भी हो. इस कार की वजह से ना केवल ड्राइवर और सहयात्री सुरक्षित रहते हैं बल्कि सडक पर चल रहे लोगों के भी घायल होने की सम्भावना कम होती है.



इस कार मे कावासाकी मोटरसाइकल का इंजिन और ट्रांसमिशन लगा है. इसका ढांचा फाइबर ग्लास कम्पोजिट से बना है और उसके ऊपर पोलियूरेथिन फोम लगाया गया है. इसका वजन 500 पाउंड है और इस कार में 2 व्यक्ति बैठ सकते हैं. इस कार का सडक पर और पानी में परीक्षण किया गया है. चुँकि इसकी बाहरी सतह फोम से बनी है इसलिए यह पानी में भी तैर सकती है.

बेलार्ड को अपनी इस अनोखी कार से बहुत उम्मीदें हैं. उनका मानना है कि देर सवेर ही सही परंतु उनकी कार बाजार में आएगी जरूर.
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS