त्रिआयामी तकनीक ने मनोरंजन की दुनिया को ही बदल दिया है. अवतार की सफलता ने इस ट्रेंड को इतना बढावा दिया कि आज इलैक्ट्रोनिक गैजेट बनाने वाली हर कम्पनी अपनी 3डी टीवी को या तो लॉंच कर चुकी है या फिर करने की तैयारी में है. परंतु प्रश्न यह उठता है कि यह 3डी टीवी काम कब आएगी? भारत में अभी तक 3डी प्रसारण करने वाले एकाध टीवी चैनल ही है, वे भी पूर्ण रूप से 3डी प्रसारण नहीं करते. 3डी टीवी की उपयोगिता तभी है जब उस पर देखने के लिए 3डी सामग्री हो.और यदि यह सामग्री या फूटेज आपके निजी जीवन से संबंधित हो तो? ऐसा हो सकता है क्योंकि अब बाज़ार में 3डी कैमकॉडर उपलब्ध होने जा रहा है. पैनासोनिक सितम्बर से एक नए कैमकॉडर की बिक्री शुरू करेगा. कम्पनी के दावे के अनुसार यह कैमकॉडर 3डी फूटेज कैप्चर करता है. HDC-SDT750 सिरीज का यह कैमकॉडर एक नहीं बल्कि दो लैंस के साथ आता है. ये दो लैंस हमारी दो आँखों की तरह काम करते हैं. दोनों लैंसो से दो अलग अलग फूटेज उतारी जाती है, उसके बाद इस कैमकॉडर की तकनीक उन दोनों फूटेजों को एक कर देती है.
इस फूटेज को 3डी टीवी पर देखने पर त्रिआयामी तस्वीरें दिखाई देती है. इस फूटेज को अच्छी तरह से देखने के लिए एक्टिव शटर ऐनक का इस्तेमाल करना होता है. इस ऐनक की विशेषता यह है कि इसके दोनों ग्लास प्रति सैकंड 60 बार खुलते हैं और बंद होते हैं. इससे हमारे दिमाग तक दो अलग अलग तस्वीरें जाती है परंतु यह सब इतनी तेजी से होता है कि दिमाग को लगता है एक तस्वीर आ रही है और इस तरह से हमें त्रिआयामी तस्वीर दिखाई देती है.
इस कैमकॉडर को सीधे 3डी टीवी के साथ कनेक्ट कर 3डी फूटेज को देखा जा सकता है. इसके अलावा इसमें एक एसडी कार्ड स्लोट भी है, जिससे फूटेज को उसमें संग्रहित किया जा सकता है. यदि प्रयोक्ता चाहें तो थोड़ा सा और खर्च कर 3डी बर्नर खरीद सकते हैं जिसकी मदद से 3डी फूटेज को डीवीडी पर बर्न किया जा सकता है.
भविष्य में इसी सिस्टम का उपयोग कर 3डी वीडियो कॉल की सुविधा लॉंच की जाएगी. इससे त्रिआयामी संचार की उपलब्धता सुलभ हो जाएगी. इसके अलावा सोनी 3डी स्टिल कैमरा तो लॉंच कर ही चुका है जो त्रिआयामी तस्वीरें खींचता है.
वैसे इस 3डी कैमकॉडर की कीमत लगभग 1300 पाउंड होगी और इसकी बिक्री सितम्बर से शुरू होगी.

