दुनिया की दूसरे नम्बर की कम्प्यूटर चिप बनाने वाली कम्पनी एएमडी ने एक नई चिप के साथ तैयार नेटबुक की घोषणा की है जिनकी बैटरी लाइफ कम से कम 10 घंटे की होगी. इसे इस क्षैत्र में उठाया गया एक बडा कदम माना जा रहा है.हाल में उपलब्ध लैपटोप और नेटबुक की बैटरी लाइफ 4-5 घंटों से अधिक की नहीं होती. इसकी एक बडी वजह है उनमें लगी चिप और ग्राफिक कार्ड के द्वारा भारी मात्रा में ऊर्जा का दोहन करना. इंटेल की कोर आई370 चिप 35 वाट बिजली का दोहन करती है और ग्राफिक कार्ड के साथ यह दोहन 50 वाट से ऊपर पहुँच जाता है. वहीं एएमडी की नई फ्यूज़न शृंखला की चिप मात्र 18 वाट बिजली का ही दोहन करती है. एक अन्य चिप मात्र 9 वाट बिजली का दोहन करती है.
तकनीकी जानकारों के अनुसार एएमडी की यह नई चिप शृंखला क्रांतिकारी है. परंतु यह भी सच है कि एएमडी को अपने प्रतिस्पर्धी इंटेल से मुकाबला करने में अभी भी परेशानी होगी. आज एएमडी का बाजार इस क्षैत्र में 10% से भी कम हो गया है. इसलिए जानकारों का मानना है कि अन्य उपलब्ध चिप के समकक्ष होते हुए भी एएमडी को केवल वे लोग ही महत्व देंगे जो सस्ता और टिकाऊ नेटबुक चाहते हैं.
बहरहाल एएमडी का मानना है कि पिछले 4 वर्षों से की जा रही मेहनत और उसके सकारात्मक परिणाम के बाद अब उनका बाज़ार तेजी से बढेगा.

